
Molestation of two sisters in Azamgarh: आजमगढ़ में दो सगी बहनों के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए शख्स ने दो सगी नाबालिग बहनों के साथ पहले दुष्कर्म किया फिर उनका वीडियो बनाया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार दुष्कर्म की घटना को अंजाम दे रहा था। इस मामले में आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक ने कई टीमों का गठन किया था, जिसके बाद पुलिस को सफलता हाथ लगी है।
जानकारी के मुताबिक, गंभीरपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली दो सगी नाबालिक बहनों के साथ दुष्कर्म करने का आरोपी पुलिस से मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार हुआ है। बताया जा रहा है कि आरोपी मोहम्मद जाहिद उर्फ रुस्तम (45) ने दोनों बहनों के दुष्कर्म के बाद उनके वीडियो बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देने लगा। आरोप है की वीडियो वायरल करने की धमकी देने के बाद वह पीड़िताओं का लगातार शारीरिक शोषण कर रहा था। यही नहीं, किसी को बताने पर आरोपी ने दोनों बहनों को जान से मारने की धमकी भी दी थी, जिसके कारण दोनों बहनें डरी हुई थीं।
बताया जा रहा है कि दोनों बहनों ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर पूरी बात अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद परिजनों ने गंभीरपुर थाने में लिखित तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी मोहम्मद जाहिद की तलाश शुरू कर दी। मामला गंभीर था इसलिए एसपी डॉक्टर अनिल कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने चारागाह की जमीन पर अवैध रूप से अपना मकान भी बनवा रखा है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हुई थी। गंभीरपुर पुलिस ने बताया है कि पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आरोपी आता दिखा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह बाइक लेकर भागने लगा। पुलिस से घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। वहीं, पुलिस टीम द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद वह सड़क पर गिर पड़ा।
पुलिस ने बताया है कि दो सगी बहनों से दुष्कर्म करने के बाद वह फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी गंभीरपुर थाना क्षेत्र का ही रहने वाला है, जिसे मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मार कर गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। वहीं, आरोपी के बाइक को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस ने बताया है कि घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।