आजमगढ़

Azamgarh News: फोर्स की उपस्थिति में हुआ अमीन के शव का पोस्टमार्टम, पुत्र ने महिला के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा

Azamgarh News: आजमगढ़ जिले के सदर तहसील में तैनात 58 वर्षीय राजस्व अमीन सुरेश उपाध्याय के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया। हत्या की आशंका और संभावित तनाव की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के दौरान एडीएम और सीओ पुलिस बल के साथ तैनात रहे। रिपोर्ट मिलने के बाद ही शव […]

2 min read
Jan 22, 2026
Azamgarh news,Pic- Patrika

Azamgarh News: आजमगढ़ जिले के सदर तहसील में तैनात 58 वर्षीय राजस्व अमीन सुरेश उपाध्याय के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम कराया गया। हत्या की आशंका और संभावित तनाव की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पोस्टमार्टम के दौरान एडीएम और सीओ पुलिस बल के साथ तैनात रहे। रिपोर्ट मिलने के बाद ही शव लेने पर परिजन अड़े रहे।


मृतक के पुत्र विकास की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। परिजनों का आरोप है कि 70 लाख रुपये की आरसी वसूली के सिलसिले में सुरेश उपाध्याय को धमकियां दी गई थीं।

सरसो के खेत मे मिला शव


मूल रूप से अंबेडकर नगर जनपद के राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुराव पदमपुर गांव निवासी सुरेश उपाध्याय सदर तहसील में अमीन के पद पर कार्यरत थे। वह नगर कोतवाली क्षेत्र के कोल बाज बहादुर में पिछले करीब 10 वर्षों से निवास कर रहे थे। शनिवार की सुबह वह सदर तहसील गए थे और इसके बाद आरसी वसूली के लिए निकले थे, लेकिन फिर उनका कोई पता नहीं चला। मंगलवार शाम सिधारी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के सिवान में एक सरसों के खेत से उनका शव बरामद हुआ।

मृतक के बेटे ने लगाया गम्भीर आरोप


पुत्र विकास का आरोप है कि रैदोपुर निवासी रूबी सिंह पुत्री चंद्रशेखर सिंह के नाम 70 लाख रुपये की आरसी थी। वसूली के लिए करीब 15 दिन पहले उनके पिता रूबी सिंह के घर गए थे, जहां उन्हें धमकी दी गई। बाद में जानकारी मिली कि रूबी सिंह ने नाम बदलकर आकांक्षा सिंह कर लिया है और अहरोला निवासी ओम प्रकाश सिंह से विवाह कर लिया है। इसके बाद ओम प्रकाश सिंह के पते पर आरसी भेजे जाने पर उन्हें वहां से भी धमकी मिली। आरोप है कि ओम प्रकाश सिंह ने स्वयं को पूर्व ब्लॉक प्रमुख का रिश्तेदार बताया था।


परिजनों के अनुसार धमकियों के बाद सुरेश उपाध्याय मानसिक रूप से भयभीत थे और परिवार से कहते थे कि जिन लोगों से उनका सामना हुआ है, वे प्रभावशाली और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। विकास का आरोप है कि रूबी सिंह उर्फ आकांक्षा सिंह, उसके पति ओम प्रकाश सिंह और उसके चाचा ने मिलकर उनके पिता का अपहरण कर हत्या की और शव खेत में फेंक दिया।
नगर कोतवाली प्रभारी यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि ओम प्रकाश सिंह, रूबी सिंह उर्फ आकांक्षा सिंह और रूबी सिंह के चाचा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है। जहर से मौत की आशंका जताई गई है। स्थिति स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा।

Also Read
View All

अगली खबर