भीखपुर गांव के पास गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए वृद्ध ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
Azamgarh News: आजमगढ़ जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के भीखपुर गांव के पास गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए वृद्ध ने जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भीखपुर निवासी राम नवल यादव (90) पुत्र मोहन गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अंबारी बाजार से साइकिल द्वारा घर लौट रहे थे। गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल फूलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही राम नवल यादव की मृत्यु हो गई। शव घर पहुंचते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी इशराजी समेत दो पुत्र सियाराम यादव और हरिराम यादव को छोड़ गए हैं। दोनों पुत्र रोजगार के सिलसिले में बाहर प्रदेश में रहते हैं। वृद्ध की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी सच्चिदानंद ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी