
UPSI Exam: उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान आजमगढ़ पुलिस ने मानवता और तत्परता का सराहनीय उदाहरण पेश किया। परीक्षा केंद्र को लेकर भ्रमित हुई एक महिला अभ्यर्थी को पुलिस ने समय रहते सही केंद्र तक पहुंचाकर उसकी परीक्षा दिलाने में मदद की।
जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा की द्वितीय पाली में कुमारी रूक्मनी पुत्री केशव लाल का परीक्षा केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज जमुड़ी शाहगढ़, सठियांव (थाना मुबारकपुर) निर्धारित था। लेकिन वह गलती से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रैदोपुर (थाना कोतवाली) पहुंच गईं। केंद्र पर पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि उनका वास्तविक परीक्षा केंद्र कहीं और है, जिससे वह परेशान हो गईं।
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात यूपी-112 के प्रभारी अभय राज मिश्रा ने स्थिति को समझते हुए तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने पीआरवी-5385 थाना कोतवाली की टीम को निर्देश दिया कि अभ्यर्थी को तत्काल सही परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया जाए। पुलिस टीम ने बिना देर किए महिला अभ्यर्थी को वाहन से उसके वास्तविक परीक्षा केंद्र राजकीय इंटर कॉलेज जमुड़ी शाहगढ़, सठियांव तक पहुंचाया। पुलिस की तत्परता के कारण वह निर्धारित समय पर परीक्षा में शामिल हो सकीं।
पुलिस की इस मदद के लिए अभ्यर्थी ने आजमगढ़ पुलिस का आभार व्यक्त किया और उनकी सराहना की।
इस सराहनीय कार्य के लिए सोमवार को पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने यूपी-112 प्रभारी सहित पांच पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल और क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरन पाल सिंह भी मौजूद रहे।
सम्मानित पुलिस कर्मियों में प्रभारी निरीक्षक डायल-112 अभय राज मिश्रा, मुख्य आरक्षी राज किशोर सिंह, महिला आरक्षी रेनु कुमारी और महिला आरक्षी अनिता देवी शामिल रहीं। पुलिस के इस कार्य की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।