
सांकेतिक तस्वीर, Pc-Patrika
Husband Killed Wife in Azamgarh : आजमगढ़के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में शराब के नशे में पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि हाथापाई के दौरान वह भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए परिजन लखनऊ लेकर पहुंचे हुए हैं। वहीं, मामले की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिसने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीम का गठन कर चुकी है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आए दिन उसका पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट किया करता था।
जानकारी के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अल्हनी गांव में नीरज निषाद ने अपनी पत्नी पिंकी (30) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार की शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, इसी दौरान शराब के नशे में नीरज ने वारदात को अंजाम दे दिया। पहले दोनों के बीच मारपीट शुरू हुई और गुस्से में घर में रखा चाकू उठाकर नीरज ने अपने पति के ऊपर कई बार वार कर दिए। इसके बाद उसकी पत्नी पिंकी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है की मारपीट की इस घटना में नीरज भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए परिजन लखनऊ स्थित एक अस्पताल में पहुंचे हुए हैं। पिंकी के तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी और दो बेटे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी पति घरों में पेंटिंग का काम करता है। वहीं, घटना की जानकारी होने के बाद मृतका की मां मौके पर पहुंची और नीरज पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि नीरज अक्सर शराब के नशे में उनकी बेटी के साथ मारपीट किया करता था। आए दिन मायका पक्ष जाकर ससुराल में समझौता कराया करता था, लेकिन नीरज अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहा था। इसी दौरान उसने शुक्रवार को उनकी बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी।
वहीं, घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर कप्तानगंज थाने की फोर्स पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि संबंधित थाने को सूचना मिली थी कि एक महिला की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई है, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी की गई। वहीं, फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और सबूत इकट्ठा किए गए। उन्होंने बताया है कि आरोपी भी मारपीट के दौरान घायल हुआ है, जिसे परिजन लखनऊ के किसी अस्पताल में लेकर पहुंचे हुए हैं। उन्होंने बताया कि मामले में मायका पक्ष द्वारा तहरीर प्राप्त होने के बाद आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर लिया गया है। जल्दी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Updated on:
20 Jun 2026 01:49 pm
Published on:
20 Jun 2026 01:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
