
सांकेतिक तस्वीर
Firing in Varanasi : वाराणसी के पांडेपुर लालपुर थाना क्षेत्र स्थित पहड़िया मंडी में देर रात फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दो पक्षों के बीच पहले पैसे के लेनदेन को लेकर मारपीट हुई। उसके बाद गाजीपुर के रहने वाले एक हिस्ट्रीशीटर ने अवैध असलहे से हवाई फायरिंग कर दी, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया। वहीं, फायरिंग की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही असलहे को कब्जे में लेकर आगे की पड़ताल में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार की देर रात 2 बजे के आसपास महज 5 हजार रुपए के लेनदेन के विवाद में लालपुर पांडेयपुर थाना स्थित पहड़िया मंडी में दो पक्ष में जमकर मारपीट हुई। बताया जा रहा है की पहड़िया के रहने वाले अंशुमान सिंह उर्फ सानू और पहड़िया मंडी के रहने वाले अवनीश गौतम के बीच कई दिनों से पैसे को लेन देन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इस विवाद को खत्म करने के लिए गाजीपुर के हिस्ट्रीशीटर अंगद यादव और उसके साथ ही शैलेंद्र को एक पक्ष ने बुला लिया। इसी दौरान देर रात दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई।
बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान दूसरे पक्ष को डराने की नीयत से हिस्ट्रीशीटर अंगद यादव ने असलहा निकालकर हवाई फायरिंग कर दी, जिसके बाद पहड़िया मंडी में दहशत का माहौल कायम हो गया। गोली चलते ही अफरा तफरी मच गई। फायरिंग के बाद आरोपी पक्ष मंडी से भागने लगा। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने हिस्ट्रीशीटर अंगद यादव को पकड़ लिया। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने मारपीट कर अपने साथी को छुड़ाने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हुए।
वहीं, स्थानीय लोगों ने पूरे घटना की जानकारी लालपुर पांडेयपुर थाना को दे दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी अंगद को हिरासत में ले लिया। वहीं, अवैध असलहे को भी जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मौके से एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया है कि देर रात पहड़िया मंडी में दो गुटों के बीच झड़प की जानकारी होने के बाद मौके पर पुलिस बल को भेजा गया था। इस दौरान अंगद यादव नामक एक युवक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया है कि पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि अंगद ने डराने की नीयत से हवाई फायरिंग की थी। वहीं, घटनास्थल से एक पिस्टल और खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पीड़ित पक्ष द्वारा तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
18 Jun 2026 08:52 am
Published on:
18 Jun 2026 08:52 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
