लाइफलाइन अस्पताल में मंगलवार दोपहर हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। मरीज के परिजन ने सुरक्षाकर्मी पर बदसलूकी और मारपीट का आरोप लगाया, जबकि अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को खारिज करते हुए उल्टा परिजन पर ही सुरक्षाकर्मी पर हाथ उठाने का आरोप लगाया।
Azamgarh news: आजमगढ़ शहर के मड़या स्थित लाइफलाइन अस्पताल में मंगलवार दोपहर हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। मरीज के परिजन ने सुरक्षाकर्मी पर बदसलूकी और मारपीट का आरोप लगाया, जबकि अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को खारिज करते हुए उल्टा परिजन पर ही सुरक्षाकर्मी पर हाथ उठाने का आरोप लगाया।
मिली जानकारी के अनुसार, बलिया जनपद के फेफना थाना क्षेत्र के उछेड़ा निवासी राहुल यादव अपने बाबा से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। बाहर चाय पीने के लिए निकलते समय गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मी से उनकी कहासुनी हो गई। राहुल का आरोप है कि बात करने के दौरान सुरक्षाकर्मी ने उनके साथ अभद्रता की और मारपीट की। विरोध करने पर उन्हें डॉक्टर के चैंबर में ले जाया गया।
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। राहुल यादव ने कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की, जबकि सुरक्षाकर्मी मौके से फरार हो गया।
वहीं, अस्पताल के एमडी डॉ. पीयूष ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट है कि सबसे पहले राहुल यादव ने सुरक्षाकर्मी पर हाथ उठाया था, जिसके बाद विवाद बढ़ा। उन्होंने इसे अस्पताल में अनावश्यक हंगामा फैलाने की कोशिश बताया। मामले में पुलिस जांच कर रही है।