
UP Cime: आजमगढ़ के शहर कोतवाली क्षेत्र के सीताराम मोहल्ले में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब 32 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान रवि वर्मा के रूप में हुई है। रवि सर्राफा की दुकान चलाता था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, परिजनों का कहना है कि रवि को किसी तरह की आर्थिक या पारिवारिक परेशानी नहीं थी। ऐसे में घटना को लेकर परिवार के लोग भी हैरान हैं।
परिजनों के मुताबिक, रविवार रात रवि ने सामान्य तरीके से खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया। सोमवार सुबह करीब 11 बजे उसके भाई आनंद वर्मा ने रवि के कमरे का दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो परिवार के लोगों को चिंता हुई।
परिजनों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं खुला। इसके बाद किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर देखा गया तो रवि का शव फंदे से लटका मिला। यह देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतक के भाई आनंद वर्मा ने बताया कि रवि 4 भाइयों में सबसे छोटा था। वह अमरनाथ के पास सर्राफा की दुकान चलाता था। परिवार के मुताबिक, रवि अपने परिवार के साथ अलग रहता था और उसकी किसी तरह की बड़ी आर्थिक या पारिवारिक परेशानी सामने नहीं आई थी।परिजनों ने बताया कि शनिवार को रवि अपनी पत्नी और बच्चे के साथ अतरौलिया क्षेत्र के मड़िया स्थित अपनी ससुराल गया था। रविवार को वह अपनी पत्नी और बच्चे को ससुराल में ही छोड़कर अकेले वापस आजमगढ़ स्थित अपने घर लौट आया था।
रवि के साले के मुताबिक, कुछ दिन पहले परिवार की ओर से करीब 14 लाख रुपये कीमत की जमीन रवि को उपहार में दी गई थी। इस वजह से परिजन आर्थिक परेशानी की संभावना से भी इनकार कर रहे हैं। हालांकि, घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर परिवार के लोग भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की परिस्थितियों की पड़ताल जारी है।