
आजमगढ़. यूपी के आज़मगढ़ में विश्वविद्यालय की मांग राजभवन तक पहुंच गई है। भाजपा नेता और मिशन हॉस्पिटल के निर्देशक डॉ. अशोक सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को राज्यपाल राम नाइक से मिलकर विश्वविद्यालय के स्थापना के लिए पहल करने की मांग की। इस दौरान राज्यपाल को छात्रों की समस्याओं से भी अवगत कराया गया।
डॉ. अशोक सिंह ने बताया कि राज्यपाल से बहुत ही सकारात्मक वार्ता हुई। जनपद में एक विश्वविद्यालय न होने के कारण यहां के पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित व निर्धन प्रतिभावान छात्र-छात्राओं की शिक्षा संबंधी समस्याओं से अवगत होने पर राज्यपाल ने आज़मगढ़ में विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया।
बता दें कि आज़मगढ़ में पिछले 40 वर्षों से लगातार विश्वविद्यालय स्थापना की मांग उठती रही है। विगत दशकों में अनेक ऐसे अवसर आये जब यहां के जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते आज़मगढ़ में विश्वविद्यालय की स्थापना की बात बनते बनते बिगड़ गई। आज़मगढ़ में विश्वविद्यालय की मांग सर्वप्रथम 13 अप्रैल 1978 को स्व रामनरेश यादव के सम्मुख उठी थी। गोरखपुर विवि पर अतिभार के कारण एक अन्य विवि बनाने का कैबिनेट से प्रस्ताव भी हुआ किन्तु पर्याप्त राजनीतिक इच्छाशक्ति के अभाव में यह विवि आज़मगढ़ नहीं आ सका। बाद में जब वीर बहादुर सिंह सूबे के मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने जौनपुर से अपने लगाव के कारण जौनपुर में स्वीकृति प्रदान कर दी। 1995 में जब मुलायम सिंह यादव ने आज़मगढ़ को मण्डल घोषित किया तब भी विवि देने की मांग प्रबुद्धजनों ने की किन्तु जनपद के किसी जनप्रतिनिधि के रुचि न लेने के चलते यह मांग परवान नहीं चढ़ी।
2003 में जब मुलायम सिंह यादव दुबारा मुख्यमंत्री बने तब एक बार पुनः विवि की मांग उठी। मुलायम सिंह यादव के सांसद बनने के साथ ही जनपद में यह बहुप्रतिक्षित मांग पुनः उठी, 2015 में सठियांव चीनी मिल के शिलान्यास हेतु उनके आगमन पर सूचना जन सम्पर्क विभाग के विज्ञापन में जनपद में विश्वविद्यालय की स्थापना की घोषणा अंकित भी थी किन्तु मंच से घोषणा नहीं की गई। 2016 में जब शिक्षक विधायक ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने इस मुद्दे को विधान परिषद में उठाया। 14 जुलाई 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंदुरी आगमन पर जनपदवासियों को पूरी उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री जनपद को विवि की सौगात देंगे किन्तु जनपदवासियों के हाथ निराशा लगी।
By- Ranvijay Singh