अपने एक दिवसीय दौरे पर आजमगढ़ पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूध और बर्फ की फैक्ट्री का उद्घाटन किया. इसके साथ ही वह पूर्व की सपा सरकार पर भी जमकर बरसे ....
आजमगढ़: अपने एक दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले के कंधरापुर क्षेत्र में पहुंचे और यहां उन्होंने दूध एवं बर्फ की फैक्ट्री का उद्घाटन किया। बताया जा रहा है कि इस फैक्ट्री से दिल्ली तक दूध की सप्लाई होगी, जिससे यह क्षेत्र विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा। वहीं जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि एक समय था जब आजमगढ़ के लोगों को किराए पर कमरा तक नहीं मिलता था। बीजेपी की सरकार केंद्र और प्रदेश में आई और इस डबल इंजन की सरकार ने आजमगढ़ के लोगों का खोया हुआ सम्मान वापस लौटाया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्राम मिरिया रेहड़ा में एक दूध और बर्फ की फैक्ट्री का उद्घाटन किया है। दूध की फैक्ट्री के प्रबंधक ने बताया कि यहां से 8 टैंकरों और 25 पिकअप में लाद कर दूध की खेप को प्रदेश के अलग-अलग शहरों और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली तक सप्लाई किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसकी वजह से यहां के 10 हजार लोगों को रोजगार भी मिलेगा। फैक्ट्री का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आजमगढ़ के लोगों का योगदान स्वतंत्रता संग्राम में भी रहा है। लोगों ने अपनी वीरता से विदेशियों को भारत से भगा दिया।
उन्होंने कहा कि पूर्व की समाजवादी पार्टी की सरकार ने आजमगढ़ के लिए किसी भी प्रकार का विकास कार्य नहीं किया और सपा सिर्फ परिवारवाद की राजनीति में ही रूचि रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का आजमगढ़ से कोई लगाव नहीं है, शायद यही वजह है कि यहां विकास कार्य नहीं किए गए। लेकिन डबल इंजन की सरकार आने के बाद आजमगढ़ में विकास की रफ्तार को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि इसकी बानगी पूर्वांचल एक्सप्रेस के जरिए जा सकती है। लखनऊ जाने के लिए घंटे का समय लगता था, लेकिन अब सिर्फ दो या तीन घंटे में ही आजमगढ़ के लोग लखनऊ पहुंच जाते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि एक समय ऐसा भी था जब आजमगढ़ के लोग कहीं बाहर कमाने जाते थे तो उन्हें नौकरी नहीं मिलती थी। आजमगढ़ के लोगों को कोई कमरा किराए पर नहीं देता था, धर्मशाला से भी लोगों को भगा दिया जाता था और आजमगढ़ के लोगों का मान सम्मान खो गया था, लेकिन प्रदेश और देश में बीजेपी की सरकार आने के बाद वह मान सम्मान वापस लौट आया है और अब आजमगढ़ के लोग कहीं भी जाकर रह सकते हैं, नौकरी कर सकते हैं और उन्हें कमरे पर किराया भी मिल जाता है।
उन्होंने कहां कि कभी किसी ने सोचा भी नहीं था कि अयोध्या में भगवान श्री राम का इतना बड़ा भव्य मंदिर बनकर तैयार हो जाएगा, लेकिन जैसे ही बीजेपी की सरकार आई और हमने संकल्प लिया कि राम मंदिर का निर्माण होगा और आज राम मंदिर बन कर तैयार हो चुका है और लाखों की संख्या में श्रद्धालु वहां दर्शन पूजन करने जाते हैं। ऐसे ही पूर्व की सरकारों में प्रदेश में गौ हत्याएं होती थी। बीजेपी गौ हत्या रोकने के संकल्प के साथ प्रदेश में आई और अब उत्तर प्रदेश में कहीं भी गौ हत्या नहीं होती है। गौ हत्या करने वाले लोग इस बात को जानते हैं कि सरकार उन्हें छोड़ेगी नहीं।