
Double Encounter in Azamgarh: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान टप्पेबाजी गिरोह के तीन सदस्य और गौ-तस्करी में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ की इस घटना में दो आरोपी पुलिस की गोली से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, रोकने के दौरान आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की, जिसके बाद की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लग गई।
आजमगढ़ पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, बुधवार की सुबह 5:30 बजे के आसपास जीयनपुर पुलिस की टीम महावतगढ़ चकिया/अमुआरी नारायनपुर मार्ग के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसके बाद मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान एक अभियुक्त ने पेड़ का सहारा लेकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दिया। फायरिंग किए जाने के बाद अभियुक्त की गोली थाना अध्यक्ष संजय सिंह के पास से निकल गई, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की इस कार्रवाई में अमित साहनी के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके साथ ही उसके दो अन्य साथी शिवम साहनी और सुनील साहनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जीयनपुर पुलिस ने बताया है कि पकड़े गए तीनों आरोपी देवरिया जनपद के रुद्रपुर नगर पंचायत के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया है कि आरोपी बैंक में जाकर वहां पर्ची भरने में असमर्थ लोगों को अपना निशाना बनाते थे और उनसे पैसे लेकर उन्हें कागज थमा दिया करते थे। आरोपियों के खिलाफ दो ऐसे मामले आजमगढ़ में सामने आए हैं, जिसमें एक में उन्होंने 74 हजार रुपए लेकर कागज की गड्डी पकड़ा दी थी और जीयनपुर से 49 हजार रुपए निकाल कर जा रही एक महिला के बैग को बदलकर उसके साथ ठगी कर ली थी। पुलिस ने बताया है कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आजमगढ़, देवरिया, बुलंदशहर, कुशीनगर, गोरखपुर और महाराजगंज में कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के पास से कैश और असलहा व कारतूस भी बरामद हुए हैं।
वहीं, दूसरी मुठभेड़ जहानागंज पुलिस के साथ हुई है। जहानागंज थाने की टीम इलाके में सघन चेकिंग अभियान और गस्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य चार पहिया वाहन से रेकी करते हुए क्षेत्र से गुजरने वाले हैं, जिसके बाद थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने अपनी पुलिस टीम के साथ मंडी बगीचा के पास भुजाही नहर पर चेकिंग अभियान शुरू किया। इस दौरान चार पहिया वाहन में सवार होकर कर संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी भागने लगे। इस दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने बताया कि इस दौरान की गई जवाबी कार्रवाई में शोएब उर्फ गेंदा उर्फ पंडित के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी मुस्तफा राजा को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया है कि शोएब मेरठ का रहने वाला है, जबकि मुस्तफा रामपुर जनपद का रहने वाला है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह संगठित गिरोह बनाकर प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करते हैं। इसके लिए चार पहिया वाहन से रास्तों की रेकी करते हैं और ट्रक में लादकर पशुओं को बिहार और पश्चिम बंगाल में तस्करी कर देते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से असलहा व कारतूस बरामद कर लिया है।