
Fake Deputy SP Arrested Azamgarh: आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने खुद को पुलिस का अधिकारी बताकर शराब का ठेका दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कक्षा पांच तक पढ़ाई की है और वह डिप्टी एसपीकी वर्दी पहनकर वीडियो कॉल के जरिए लोगों से संपर्क करता था। इस दौरान वह खुद को पुलिस अधिकारी बताकर अपना प्रभाव जमाता था।
आरोप है कि आरोपी ने शराब का ठेका दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 3.20 लाख रुपये की मांग की थी। इसमें से वह 90 हजार रुपये नकद ले चुका था। पुलिस ने आरोपी के पास से फर्जी पुलिस अधिकारी पहचान पत्र, शराब ठेके का फर्जी आवंटन पत्र, डिप्टी SP की पुलिस वर्दी और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, सिधारी थाना क्षेत्र के सादीसराय निवासी रविप्रकाश ने 17 सितंबर को गंभीरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि संजय नाम के व्यक्ति ने खुद को पुलिस का अधिकारी बताया और शराब का ठेका दिलाने के नाम पर उनसे 3.20 लाख रुपये की मांग की। आरोप है कि 30 अगस्त को रविप्रकाश ने उसे 90 हजार रुपये नकद दे दिए थे।
पुलिस के मुताबिक, एक सितंबर को आरोपी ने पुलिस की वर्दी पहनकर मोबाइल फोन से वीडियो कॉल की। वीडियो कॉल के दौरान उसके पुलिस अधिकारी होने पर संदेह हुआ। इसके बाद जब उसके बारे में जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि वह पुलिस विभाग का अधिकारी नहीं है। इसके बाद मामले की शिकायत गंभीरपुर थाने में की गई और पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को गंभीरपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना और आरोपी की लोकेशन के आधार पर कार्रवाई की। टीम ने रानीपुर रजमो मोड़ के पास से संजय को दोपहर 12:10 बजे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी संजय गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मगरावा का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गलत तरीके से तैयार किया गया पुलिस अधिकारी का पहचान पत्र बरामद किया। इसके अलावा उसके पास से शराब ठेके का फर्जी आवंटन पत्र, डिप्टी SP की एक सेट पुलिस वर्दी और मोबाइल फोन भी मिला। पुलिस के अनुसार, आरोपी इसी वर्दी को पहनकर वीडियो कॉल करता था और खुद को पुलिस विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को प्रभावित करता था। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।