आजमगढ़

पिता के बाद घायल बेटी ने भी तोड़ा दम

पिता-पुत्री की मौत से कोहराम, गांव में मातमी सन्नाटा
less than 1 minute read
Feb 01, 2020
Dead
Dead

रिपोर्ट:-रणविजय सिंह

आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव के पास गुरुवार की रात हुई दुर्घटना में मृत आटो चालक की बेटी ने भी शुक्रवार की शाम दम तोड़ दिया। इस घटना से जहां मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव के लोग भी शोक में डूबे हुए हैं।

गौरतलब है कि रानी की सराय थाना क्षेत्र के मोलनापुर माफी ग्राम निवासी व आटोरिक्शा चालक सुनील यादव (32) पुत्र स्व. लालजीत गुरुवार को सिधारी थाना क्षेत्र के बेलनाडीह गांव स्थित मैरिज हाल में आयोजित मौसेरे भाई की शादी में परिवार सहित शामिल होने आया था। रात में भोजन के बाद सुनील अपनी 11 वर्षीय पुत्री श्रेया व 9 वर्षीय सृष्टि के साथ आटोरिक्शा से अपने घर लौट रहा था। जमालपुर गांव के पास आटो चालक सुनील व उसकी दोनों बेटियां तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर घायल हो गए। जिला अस्पताल ले जाते समय सुनील की रास्ते में ही मौत हो गई। घायल दोनों बेटियों को जिला अस्पताल से रेफर कर दिए जाने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचाराधीन श्रेया ने शुक्रवार की शाम दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक श्रेया दो बहनों में बड़ी एवं कक्षा चार की छात्रा थी। हादसे में घायल सृष्टि का इलाज अभी चल रहा है। इस घटना से मोलनापुर माफी गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

Published on:
01 Feb 2020 07:55 pm