आजमगढ़

तेज रफ्तार स्कार्पियो की चपेट में आकर चार लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर

सरायमीर क्षेत्र के वस्ती चौराहे के पास हुआ हादसा
2 min read
• •
Updated: 14 Jun 2018, 10:25 PM IST
Road accident in azamgarh
आजमगढ़ में भीषण सड़क हादसा

आजमगढ़. सरायमीर थाना क्षेत्र के वस्ती चौराहे के पास गुरुवार की दोपहर तेज रफ्तार स्कार्पियो की चपेट में आकर चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गये। घायलों को इलाज के लिये भर्ती कराया गया है। हादसे में मृतक एक युवक की शिनाख्त संभव नहीं हो पाई है, जिसके प्रयास में स्थानीय पुलिस जुटी हुई है।

सरायमीर-दीदारगंज मार्ग पर स्थित वस्ती चौराहे के पास गुरुवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे दीदारगंज की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कार्पियो बाइक सवार को अपनी चपेट में लेने के बाद अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बेकाबू स्कार्पियो ने सड़क किनारे खड़े ऑटो रिक्शा, मालवाहक वाहन तथा पान की गुमटी पर खड़े साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के बाद स्कार्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। कुछ देर बाद स्थानीय लोग भाग कर मौके पर पहुंचे। वहां का दृश्य देख सभी के रोंगटे खड़े हो गए। जगह जगह लगभग आधा दर्जन लोग निर्जीव हालत में पड़े हुए थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए ले जाया गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि वृद्ध सहित दो लोग घायल हो गए।

मृतकों में ऑटो चालक विनोद यादव (40) पुत्र सूर्यबली ग्राम वस्ती, थाना सरायमीर, बाइक चालक शांति शांतिभूषण उपाध्याय (44) पुत्र रामअजोर निवासी ग्राम यूसुफपुर खानपुर कोतवाली क्षेत्र फूलपुर एवं प्रमोद यादव (38) पुत्र गोबरी यादव ग्राम दुबावां थाना क्षेत्र दीदारगंज बताए गए हैं। इस हादसे में मृत 26 वर्षीय युवक की शिनाख्त संभव नहीं हो सकी है। मृत युवक की पहचान में पुलिस जुटी हुई है। घायलों में साइकिल सवार अशोक यादव (40) पुत्र दल्लू निवासी स्थानीय ग्राम वस्ती तथा स्कार्पियो सवार 70 वर्षीय दाउद शाह निवासी कस्बा खेतासराय जनपद जौनपुर बताए गए हैं। दुर्घटना में घायल अशोक का इलाज शाहगंज स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि दाउद शाह को जिला अस्पताल से हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।


काल बनकर आई स्कार्पियो
सरायमीर थाना क्षेत्र का वस्ती चौराहा गुरुवार की दोपहर हुए सड़क हादसे में खून से लाल हो गया। गुरुवार की दोपहर चौराहे पर क्षेत्र के लोग अपने-अपने काम में व्यस्त थे। अचानक काल बनकर आई स्कार्पियो को देख लोगों को लगा कि जैसे उनका सामना मौत से हो गया हो। पलक झपकते ही काल बनी स्कार्पियो ने चार लोगों की जिंदगी छीन ली। इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार स्कार्पियो चालक वाहन में बैठे लगभग 70 वर्षीय बुजुर्ग को घायल छोड़कर अपनी जान बचाने के लिए मौके से भाग खड़ा हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी व चीख -पुकार सुनकर आसपास के लोग भाग कर मौके पर पहुंचे। दुर्घटना स्थल का दृश्य देख सभी के रोंगटे खड़े हो जा रहे थे।

सड़क पर आधा दर्जन लोग निर्जीव हालत में खून से लथपथ पड़े थे। आनन- फानन सभी को ईलाज के लिए ले जाया गया। हादसे की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे लोगों ने जब वस्ती ग्राम निवासी विनोद यादव का शव उसके ऑटोरिक्शा में पड़ा देखा तो वहां चीख-पुकार मच मच गई। हादसे के वक्त मृतक विनोद अपने वाहन में बैठकर सवारी का इंतजार कर रहा था। वहीं इस हादसे में घायल वस्ती ग्राम निवासी अशोक यादव पान की गुमटी के पास साइकिल खड़ी कर पान खाने जा रहा था। मृतक विनोद और घायल अशोक के घर कोहराम मचा हुआ है। यही हाल इस हादसे में मृत शांतिभूषण उपाध्याय व प्रमोद यादव के घर का है। मृतकों के घर रोना पिटना मचा हुआ है। मृतकों के घर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है।

BY- RAN VIJAY SINGH

Published on:
Also Read
View All
आवारा पशुओं को मारकर बेचते थे मांस, आजमगढ़ पुलिस ने मुठभेड़ में दो सगे भाइयों को पकड़ा, एक के पैर में मारी गोली

बनना चाहता था फौजी लेकिन बन गया अपराधी, आजमगढ़ पुलिस ने पैर में मारी गोली, मुकदमे में सुलह नहीं करने पर किया था जानलेवा हमला

‘मालदार’ लोगों के घर में करते थे चोरी, आजमगढ़ पुलिस ने मुठभेड़ में दो को मारी गोली, दर्ज हैं एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे

चोरबागान पंडाल की घटना पर ओपी राजभर ने जताया दुख, बोले- भगदड़ के कारणों की होगी जांच

सरकारी योजनाओं का झांसा देकर करता था लूट, आजमगढ़ पुलिस ने पैर में गोली मारकर पकड़ा, आरोपी की लूटेरी बहन पहले ही हो चुकी है अरेस्ट