आजमगढ़

पंजीकृत ठेकेदारों से ही कराया जाएं निकायों के कार्य

मंडलायुक्त के रविंद्र नायक ने ठंड के मौसम को देखते हुए खुले में सोने वालों को रैन बसेरों में ठीकाना देने का अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिया

2 min read
Dec 31, 2017
एसडीएम

आजमगढ़. नगर निकायों के विकास कार्यो की समीक्षा को लेकर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय पर बैठक हुई। जिसमें मंडलायुक्त के रविंद्र नायक ने ठंड के मौसम को देखते हुए खुले में सोने वालों को रैन बसेरों में ठिकाना देने का अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिया।

इसके साथ ही निकायों का विकास कार्य पंजीकृत ठेकेदारों द्वारा ही करवाए जाने की बात कही। ऐसा न करने पर माफियागिरी मानते हुए संबंधित के खिलाफ नियोजित क्राइम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

मंडलायुक्त ने कहा कि कड़ाके की ठंड पडने लगी है, ऐसे में चिन्हित स्थानों पर अलाव लगातार जलाए जाए। सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि रिक्शा स्टैंड, रोडवेज, रेलवे स्टेशन, ओवरब्रिज आदि स्थानों का अनिवार्य रूप से निरीक्षण करें और जो कोई भी ठंड के इस मौसम में खुले में सोता मिले उसे रैनबसेरा पर ला कर ठहराए।

इसके साथ ही उसके सोने और भोजन की भी व्यवस्था करें। कंबल वितरण की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कम कंबल वितरण पर नाराजगी जताते हुए इसमें तेजी लाने का निर्देश दिया। एसडीएम प्रशासन को उन्होंने निर्देश दिया कि तत्काल कंबल क्रय करा कर पात्रों में वितरित कराना सुनिश्चित करें।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में आयुक्त ने आजमगढ़ व मऊ की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। मंडलायुक्त ने साफ-सफाई व्यवस्था में भी सुधार का निर्देश सभी ईओ को दिया।

सड़कों के साथ ही गलियों से भी प्रतिदिन कूड़ा उठाए जाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि चार जनवरी से स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर कार्यशालाओं का आयोजन होना है, जिसकी तैयारी सभी ईओ समय रहते पूर्ण कर लें।

इस सर्वेक्षण के तहत होने वाले कार्यक्रमों की समाप्ति तक किसी भी अधिशासी अधिकारी को अवकाश पर जाने की अनुमति नहीं होगी। बैठक में अपर आयुक्त राजेंद्र कुमार, सीआरओ बलिया त्रिभुवन विश्वकर्मा, एडीएम प्रशासन लवकुश कुमार त्रिपाठी, परियोजना निदेशक डूडा आजमगढ़ डॉ. महेंद्र प्रसाद, मऊ हरेराम यादव व मंडल के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी मौजूद रहे।

Published on:
31 Dec 2017 08:07 am
Also Read
View All