
आजमगढ़. राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश द्वारा नगरीय निकायों के निर्वाचन में राजनैतिक दल व प्रत्याशियों द्वारा चुनाव प्रचार हेतु चुनाव प्रचार सामग्री के मुद्रण एवं प्रकाशन तथा प्रिण्ट मिडिया में विज्ञापन दिए जाने के सम्बन्ध में जरूरी दिशा निर्देश जारी किए गये है।
जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्र भूषण सिंह ने बुधवार को बताया कि अधिसूचना निर्गत होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गयी है। चुनाव प्रचार के दौरान राजनैतिक दलों व प्रत्याशियों द्वारा पम्पलेट, स्टीकर एवं बैनर आदि प्रचार सामग्री मुद्रित एवं प्रकाशित करायी जाती है तथा प्रिण्ट मिडिया में विज्ञापन प्रकाशित कराया जाता है। आयोग द्वारा दिए गये निर्देशों के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि कोई भी मुद्रक या प्रकाशक या कोई व्यक्ति ऐसी कोई निर्वाचन व प्रचार सामग्री जिसके मुख्य पृष्ठ पर उसके मुद्र्रक व प्रकाशन का नाम व पता न हो, मुद्रित या प्रकाशित न करेगा और न ही मुद्रित या प्रकाशित करायेगा। मुद्रण में फोटोकापी प्रतियां भी सम्मिलित मानी जायेगी। कोई भी व्यक्ति कोई भी चुनाव पम्पलेट/बैनर/स्टीकर/प्रचार सामग्री आदि का न मुद्रण करेगा और न मुद्रण करवायेगा जब तक की प्रकाशक अपने द्वारा हस्ताक्षरित तथा व्यक्तिरूप से उसे जानने वाले दो व्यक्तियां द्वारा अनुप्रमाणित द्योषणा पत्र दो प्रतियों में मुद्र्रक को न उपलब्ध करा दें।
जिलाधिकारी ने कहा कि आयोग द्वारा यह भी निर्देश दिए गये है कि सभी प्रचार सामग्री पर मुद्रक व प्रकाशक स्पष्ट नाम व पता अंकित होगा। प्रचार सामग्री की एक प्रति जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी को युक्तियुक्त समयावधि में उपलब्ध करायी जायेगी। कोई भी राजनैतिक दल/प्रत्याशी प्रिण्ट मिडिया में कोई भी छदम विज्ञापन एवं पेड समाचार न प्रकाशित करेगा और न करवायेगा। यदि कोई विज्ञापन राजनैतिक दल/प्रत्याशी की सहमति अथवा जानकारी में है तो यह माना जायेगा कि उक्त विज्ञापन सम्बन्धित राजनैतिक दल/प्रत्याशी द्वारा अधिकृत किया गया है और विज्ञापन का व्यय सम्बन्धित राजनैतिक दल/प्रत्याशी के चुनाव व्यय के खाते में जोड़ा जायेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया है कि यदि कोई व्यक्ति राजनैतिक दलों/प्रत्याशियों के अनुमति के बिना निर्वाचन प्रचार सामग्री प्रकाशित कराता है तो ऐसे प्रकाशक के विरूद्ध भा0दं0सं0 की धारा 171 एचके उल्लंघन के लिए अभियोजन की कार्यवाही की जा सकती है। यदि विज्ञापन में प्रकाशक का पता नही है तो सम्बन्धित समाचार पत्र से सम्पर्क कर सूचना प्राप्त करके कानूनी कार्यवाई की जायेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष/सचिव, समस्त ब्यूराचीफ प्रिण्ट मिडिया तथा समस्त मुद्रक/प्रकाशक से अपेक्षा की है कि वे आयोग के उपर्युक्त निर्देशो का अनुपालन सुनिश्चित करे।
विकास भवन में बनाया गया कंट्रोल रूम
नगरीय निकाय चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए विकास भवन के सभाकक्ष में एक कन्ट्रोल रूम बनाया गया है। कन्ट्रोल रूम बुधवार से प्रारम्भ होकर मतगणना तक क्रियाशील रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी चन्द्र भूषण सिंह ने बताया कि नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2107 हेतु कन्ट्रोल रूम की स्थापना विकास भवन सभागार में की गयी है, जो मतगणना सम्पन्न होने तक अनवरत जारी रहेगा। जनपद में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत एके सिंह (मो0न0-9415053385) को प्रभारी अधिकारी कन्ट्रोल रूम नियुक्त किया गया है। कन्ट्रोल रूम का दूरभाष नं0-05462-246844 है।
By- Ranvijay Singh