आजमगढ़

एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, एजेंसी के गोदाम से 666 सिलेंडर बरामद, FIR दर्ज

एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अनियमितताओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पूर्ति वुभाग ने एक इंडेन गैस एजेंसी पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई में गोदाम से 666 गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं...

2 min read
Mar 18, 2026

आजमगढ़: एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अनियमितताओं के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पूर्ति वुभाग ने एक इंडेन गैस एजेंसी पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई में गोदाम से 666 गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

मामला बिलरियागंज थाना क्षेत्र स्थित तौहीद इंडेन गैस एजेंसी का है। जिला पूर्ति विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि एजेंसी द्वारा गैस सिलेंडर की आपूर्ति बंद कर दी गई है और उपभोक्ताओं को यह बताया जा रहा है कि स्टॉक खत्म हो चुका है। जानकारी के बाद छापेमारी में इसकी हकीकत कुछ और ही निकली।

एजेंसी के रिकॉर्ड में भी पाई गई गड़बड़ी

जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने एजेंसी के गोदाम पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान गोदाम में बड़ी संख्या में सिलेंडर पाए गए। जांच में सामने आया कि गोदाम के रिकॉर्ड, ऑनलाइन डेटा और मौके पर उपलब्ध स्टॉक के बीच कई अंतर हैं।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि एजेंसी संचालक द्वारा 10 मार्च से गैस खत्म होने की बात कही जा रही थी, लेकिन गोदाम से 666 भरे हुए सिलेंडर बरामद हुए हैं। इससे जिला प्रशासन को स्पष्ट हो गया कि सिलेंडरों को जानबूझकर रोककर कालाबाजारी और ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बनाई जा रही थी।

दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

इस मामले में एजेंसी संचालक तौहीद और शबाना के खिलाफ कालाबाजारी और अनियमितताओं के आरोप में एफआईआर दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि जिले में गैस की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता को निर्धारित दरों पर गैस उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार से गैस की किल्लत नहीं है और सप्लाई सुचारु रूप से जारी है।

जिला प्रशासन ने की अपील

गौरतलब है कि हाल के दिनों में गैस सिलेंडर को लेकर बाजार में अफवाहों के चलते हलचल बनी हुई है। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग जमाखोरी और कालाबाजारी करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और नियमित प्रक्रिया के तहत ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें। इस कार्रवाई के बाद जिले में अन्य गैस एजेंसियों पर भी प्रशासन की नजर बनी हुई है।

Updated on:
18 Mar 2026 03:40 pm
Published on:
18 Mar 2026 03:39 pm
Also Read
View All

अगली खबर