
फाइल फोटो
आजमगढ़: साइबर ठगी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। करीब 110 करोड़ रुपये की ठगी से जुड़े इस नेटवर्क के 17 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है। जांच में सामने आया है कि गिरोह के संपर्क चीन और दुबई से जुड़े हुए हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। जिलाधिकारी से गैंगचार्ट को मंजूरी मिलने के बाद साइबर क्राइम थाने में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद अधिनियम के तहत सभी आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह लोगों को “PM KISAN YOJANA (.APK)” नाम से फर्जी ऐप और निवेश योजनाओं के लिंक भेजा करता था। जैसे ही कोई व्यक्ति लिंक या ऐप को डाउनलोड करता, उसका मोबाइल हैक हो जाता और आरोपी उसके बैंक खाते से पैसे निकाल लेते थे। 18 नवंबर 2025 को गिरोह की करतूत का एक मामला सामने आया था, जब गंभीरपुर क्षेत्र के बिंद्रा बाजार निवासी करन गुप्ता के व्हाट्सएप पर एक APK लिंक भेजा गया। लिंक डाउनलोड करते ही उसके खाते से 7.77 लाख रुपये निकाल लिए गए।
मामले में पुलिस ने पहले ही 30 नवंबर और 8 दिसंबर 2025 को कार्रवाई करते हुए 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके पास से 26 मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड, 14 एटीएम कार्ड, 26,500 रुपये नकद, दो कारें और भरी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए थे। वहीं, करीब 17.50 लाख रुपये आरोपियों के खातों में फ्रीज कराए गए हैं। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि गिरोह का संचालन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया जा रहा था और इसके संचालक विदेशों में बैठे थे।
पुलिस ने आम लोगों को सतर्क करते हुए अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें, क्योंकि इससे मोबाइल हैक कर निजी जानकारी और बैंक खातों से पैसे चोरी किए जा सकते हैं। पुलिस की ओर से लोगों को जागरूक करने के लिए ऐसे कई जन जागरूकता अभियान भी चलाए जाते हैं और लोगों को आगाह किया जाता है।
Published on:
17 Mar 2026 03:18 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
