
आजमगढ़: शहर कोतवाली में पैसे लेकर यूपी पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा 2026 में नौकरी दिलाने का झांसा दिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि एडवांस के तौर पर उसने 50 हजार रुपए आरोपियों को दिए और 10 लाख रूपये में डील तय हुई थी।
मेहनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले अभिषेक यादव ने आरोप लगाया है कि उसे यूपी पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा में नौकरी दिलाने का झांसा दिया गया और झांसा देने वाले संजय भारद्वाज ने इसकी फीस 10 लाख रुपए बताई। पीड़ित ने बताया कि उसके पास इतने पैसे नहीं तो एडवांस के रूप में उससे 50 हजार रुपये नकद लिए गए। आरोप है कि वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है, इसी दौरान उसकी मुलाकात संजय से हुई और संजय ने बताया कि वह कई लोगों की नौकरी लगवा चुका है।
आरोप है कि इस दौरान संजय ने अपने मोबाइल में पीड़ित को कई लोगों के जॉइनिंग लेटर भी दिखाए, जिससे वह झांसा में आ गया। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान यूपी पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा पास करवाने के नाम पर 10 लाख रुपए में उसकी डील तय हुई थी। पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि आरोपी संजय ने उसे प्रश्न पत्र उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन जो प्रश्न पत्र उसने परीक्षा से पहले उपलब्ध करवाए वे फर्जी थे।
पीड़ित को जब उसके साथ हुई ठगी का एहसास हुआ तो वह शहर कोतवाली पहुंचा और आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इस मामले में थाना अध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है, इसके साथ ही आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
17 Mar 2026 11:21 am
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
