
Accident News: आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में जूनियर हाई स्कूल की एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पासीपुर–रसूलपुर नहर मार्ग पर शुक्रवार करीब तीन बजे स्कूल से घर लौट रही तीन छात्राओं को सामने से आ रही एक बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में पासीपुर निवासी हरेंद्र की 12 वर्षीय पुत्री आरुषि की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पासीपुर निवासी रमेश की 11 वर्षीय पुत्री संजना और लहरपार निवासी फूलचंद की 10 वर्षीय पुत्री रोशनी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर कप्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि आरुषि तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और परिवार में कोई भाई नहीं है। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश कर रही है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Published on:
14 Mar 2026 01:53 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
