
Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवती के हाईटेंशन टावर पर चढ़ने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना निजामाबाद तहसील अंतर्गत शेरवा नहर के समीप की बताई जा रही है, जहां युवती करीब तीन घंटे तक टावर पर बैठी रही और नीचे उतरने से इंकार करती रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के शाहगंज क्षेत्र की निवासी अंजली नामक युवती अपने कथित प्रेमी से मिलने सरायमीर के नंदाव गांव पहुंची थी। घर पर युवक के न मिलने से आक्रोशित होकर उसने पास स्थित बिजली के टावर पर चढ़कर विरोध जताना शुरू कर दिया और प्रेमी से मिलने की जिद पर अड़ गई।
सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को अवगत कराया गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने काफी देर तक समझाइश कर युवती को शांत कराने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग तीन घंटे में उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया।
उधर, युवक के पिता जुबेर अहमद ने बताया कि युवती पूर्व में उनके पुत्र के खिलाफ शाहगंज थाने में मामला दर्ज करा चुकी है, जिसके चलते वह जेल भी जा चुका है। वर्तमान में युवक मुंबई में कार्यरत बताया जा रहा है।
घटना के चलते क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की सतर्कता से मामला शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित कर लिया गया।
Updated on:
22 Apr 2026 04:15 pm
Published on:
22 Apr 2026 04:14 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
