मोर्चा के नेताओं ने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में वे दोनों सीटों पर जीत हासिल करेंगे।
आजमगढ़. मुलायम सिंह यादव का गढ़ कहे जाने वाले आजमगढ़ में सोमवार को शिवपाल यादव की सेक्युलर मोर्चे ने ताकत दिखाई। मोर्चे के कार्यक्रम में अप्रत्याशित भीड़ देख विरोधी भौच्चक रह गए। इस दौरान एक हजार से अधिक लोगों ने शिवपाल की पार्टी सेक्युलर मोर्चा ज्वाइन किया। मोर्चा के नेताओं ने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में वे दोनों सीटों पर जीत हासिल करेंगे।
मोर्चा की तरफ से सोमवार को नेहरू हॉल में प्रदेश प्रमुख महासचिव सुनीता सिंह का स्वागत समारोह आयोजित किया गया था लेकिन इसी के बहाने मोर्चा के लोगों ने खुलकर शक्ति प्रदर्शन किया। सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ बाइक जुलूस निकाला गया। वहीं दूसरी तरफ सपा में सुनीता सिंह के साथ काम करने वाली तमाम महिला नेत्रियां भी सपा का दामन छोड़ इस कार्यक्रम में अपने समर्थकों के साथ शामिल हुई। दोपहर तक हालत यह हो गयी कि रिक्शा स्टैंड से लेकर नेहरू हॉल तक सिर्फ सेक्युलर मोर्चा के लोग ही नजर आये। सपा नेता मेहनाजपुर के प्रधान शिवशंकर सिंह घूरे सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ कार्यक्रम में पहुंचे और मोर्चे को ज्वाइन किया। चंद्रशेखर विश्वकर्मा भी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ मोर्चा का दामन थाम लिए। इसके अलावा धीरेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, जितेंद्र यादव आदि भी काफिले के साथ पहुंचकर मोर्चा ज्वाइन किये। सपा की तमाम महिला नेत्रियों ने सेक्युलर मोर्चे की सदस्यता ग्रहण की।
नेहरू हॉल में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सुनीता सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी को नेता जी मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने खड़ा किया था लेकिन पार्टी के लिए खून पसीना बहाने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गयी। सपा को इस मुकाम तक पहुंचाने में अगर किसी की सबसे अहम भूमिका थी तो शिवपाल जी की। आज शिवपाल जी ने सेक्युलर मोर्चे का गठन किया है और उन्हें प्रदेश प्रमुख महासचिव जी की जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी उम्मीदों पर खरा उतरते हुए मोर्चे को मजबूत कर जिले की दोनों लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करना ही हमारा लक्ष्य है। आज के कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के हुजूम ने बता दिया है कि आने वाले समय में मोर्चा की आंधी चलेगी और विरोधी उसमें उड़ जायेंगे। उन्होंने कहा कि मोर्चा का उद्देश्य ही पीड़ितों को न्याय दिलाना है। आज सपा के वरिष्ठ नेता घूरे सिंह ने जिस दमदारी के साथ मोर्चा ज्वाइन किया है उससे साफ हो गया है कि आने वाला समय हमारा है।
मंडल अध्यक्ष रामदर्शन यादव ने कहा कि कुछ लोग हमारे राजनीतिक भविष्य पर सवाल उठा रहे है और कह रहे है कि हम समाप्त हो जाएगे। हम बता दें कि जहां से लोगों की राजनीति का अंत होता है हम वहीं से शुरू करते है। इस मौके पर प्रदेश सचिव स्मिधा सिंह, संगीता सिंह, सुनील सिंह, किरन श्रीवास्तव, लीलावती पटेल, आशीष यादव आदि उपस्थित थे।
BY- RANVIJAY SINGH