आजमगढ़

छेड़खानी के दो मामले में दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस मामले की जांच

2 min read
Jul 12, 2018
Molesting

आजमगढ़. फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के निवासी रामसिंह पुत्र कामता समेत चार लोगों के खिलाफ एक युवक ने छेड़खानी की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित पिता का आरोप है कि आरोपित बुधवार की शाम लगभग पांच बजे घर में घुस कर उसकी पुत्री के साथ छेड़खानी किया। प्रतिरोध करने पर परिवार के लोगों को मारापीटा। इसी क्रम में रौनापार थाना क्षेत्र की निवासी एक महिला ने भी गांव निवासी आमिर आलम पुत्र शाह आलम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि उसकी 19 वर्षीय पुत्री बीते दिन घर से स्कूल जा रही थी। रास्ते में आरोपित ने उसकी पुत्री के साथ छेड़खानी किया। दोनों मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।

मार्ग दुर्घटना में ट्रैक्टर चाल जख्मी


आजमगढ़. रौनापार थाना क्षेत्र के कांखभार बाजार के पास गुरुवार की शाम हुई दुर्घटना में घायल ट्रैक्टर चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रौनापार क्षेत्र के जोकहरा ग्राम निवासी 35 वर्षीय देवेंद्र पुत्र दलसिंगार पेशे से ट्रैक्टर चालक है। गुरुवार की शाम वह किसी व्यक्ति के खेत की जुताई कर ट्रैक्टर सहित वापस लौट रहा था। रास्ते में अचानक ट्रैक्टर में लगा कल्टीवेटर (हल) नीचे गिर पड़ा। चालक देवेंद्र वाहन से अलग हुए कल्टीवेटर को जोड़ रहा था उसी दौरान वह उस रास्ते से गुजर रही तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ कर घायल हो गया। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर दिए जाने पर घायल चालक को देर शाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भूमि विवाद में मारपीट दम्पति समेत तीन घायल


आजमगढ़. गम्भीरपुर थाना क्षेत्र के महंगूपुर गांव में शुक्रवार की सुबह भूमि विवाद के चलते दो पक्ष आपस में भिड़ गए। मौके पर जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में एक पक्ष के दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए। गंभीर रुप से घायल गृहस्वामी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का स्थानीय स्तर पर ईलाज चल रहा है।

आकाशीय बिजली गिरने से भैंस मरी


आजमगढ़. मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अबाड़ी गांव में गुरुवार की दोपहर को बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरी। जिससे अबाड़ी गांव निवासी श्रीराम चौहान पुत्र विक्रम चौहान की घर के सामने बंधी भैंस की झुलस कर मैत हो गई। घटना के समय श्रीराम के परिवार के लोग घर के अंदर थे, जिसके चलते वे बाल-बाल बच गए। पीड़ित पशुपालक ने मृत भैंस की कीमत लगभग पचास हजार रुपये बताया है।


कंटेनर व डीसीएम की टक्कर में चालक घायल


आजमगढ़. निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां चौराहे के समीप बुधवार की रात को कंटेनर व डीसीएम में आमने सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में डीसीएम चालक घायल हो गया। जबकि कंटेनर चालक व खलासी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए।


बुधवार की रात को लगभग साढ़े बजे एक कंटेनर मोहम्मदपुर से निजामाबाद की ओर जा रही थी। जबकि डीसीएम सरायमीर से आजमगढ़ की ओर जा रहा था। दोनों वाहन जब फरिहां चौराहा के समीप पहुंचे तो उनमें आमने-सामने टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दुर्घटना इतनी तीव्र गति से हुई कि दोनों वाहनों के टकराने से जोरदार धमका हुआ। डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में डीसीएम चालक विशाल सरोज जिला प्रतापगढ़ निवासी घायल हो गया।

वहीं कंटेनर के चालक व खलासी गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकले। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से जेसीबी की मदद से घंटो मशक्कत के बाद वाहन के अंदर फंसे डीसीएम चालक को किसी तरह से बाहर निकलवाया। घायल चालक को पुलिस ने अस्पताल भेजवा दिया। दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।

By- रणविजय सिंह

Published on:
12 Jul 2018 10:17 pm
Also Read
View All