
आजमगढ़. मुबारकपुर थाने की पुलिस ने कस्बे के पूराखिजिर मोहल्ले में लंबे समय से चल रहे गोमांस कारोबार का खुलासा करते हुए पांच कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांस तथा पशुवध में प्रयुक्त औजार भी बरामद किए हैं।
मुबारकपुर थाने पर तैनात उपनिरीक्षक कौशल कुमार पाठक को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि कस्बे के पूरा खिजिर मोहल्ले में गोमांस का कारोबार लंबे समय से संचालित किया जा रहा है। उपनिरीक्षक ने मौके पर कारोबारियों को दबोचने की रणनीति बनाते हुए शनिवार की दोपहर बताए गए स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान वहां मौजूद मांस कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर दो ड्रमों में रखे सवा कुंटल गोमांस तथा पशुवध में प्रयुक्त औजार बरामद करते हुए पांच कारोबारियों को धर दबोचा। इस मामले में पकड़े गए पूराखिजिर मोहल्ला निवासी नौशाद अहमद तथा पूरारानी मोहल्ला निवासी शमशाद अहमद, दिलशाद अहमद, जमाल अहमद एवं अब्दुल रहमान के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
दहेज पीड़िता ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर
आजमगढ़. दहेज उत्पीड़न की शिकार विवाहिता ने शनिवार को पति समेत चार लोगों के खिलाफ बिलरियागंज थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। बिलरियागंज क्षेत्र के भलुआई ग्राम निवासी राहुल सिंह की पत्नी वंदना ने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया है कि दहेज में दो लाख रुपए की मांग को लेकर ससुराल वालों ने बीते 29 मार्च को उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित विवाहिता की तहरीर पर बिलरियागंज थाने में उसके पति राहुल सिंह पुत्र राजनाथ सिंह सहित चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
छेड़खानी व मारपीट के मामले में दो नामजद
आजमगढ़ अतरौलिया थाने की पुलिस ने छेड़खानी व मारपीट के मामले में नामजद किए गए दो व्यक्तियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। अतरौलिया थाना क्षेत्र के गनपतपुर मिश्रोलिया ग्राम निवासी महिला ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार की रात अंबेडकरनगर जिले के राजेसुल्तानपुर थाना अंतर्गत रुदल का पूरा ग्राम निवासी विजय मिश्रा पुत्र दयाराम सहित दो लोग उसके घर आए और छेड़खानी किए। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।