आजमगढ़

सगे भाई ने दोस्तों संग मिलकर ऐसे की रियाज की हत्या, पुलिस भी सुनकर कांप गयी

रियाज हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, सगे भाई ने ही दो दोस्तों संग मिलकर की हत्या, तीनों गिरफ्तार।
2 min read
Murder case Solved
हत्याकांड का खुलासा

आजमगढ़. मुबारकपुर थाने की पुलिस ने बीते 27 अगस्त की सुबह बनकट बाजार में स्थित विदेशी मदिरा दुकान के पीछे हत्या कर फेंके गए शव के मामले में बुधवार को घटना का खुलासा कर दिया। इस मामले में मृतक के सगे भाई सहित तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा, गमछा और बाइक भी बरामद कर लिया है। घटना का कारण मृतक व उसके भाई के बीच दुकान बंटवारे का विवाद बताया गया है।

शहर के आसिफगंज मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय रियाज अहमद पुत्र इलियास बीते रक्षाबंधन के दिन घर से लापता हुआ। 27 अगस्त की सुबह रियाज का शव मुबारकपुर क्षेत्र के बनकट बाजार स्थित विदेशी मदिरा दुकान के पीछे झाड़ी में पड़ा मिला। मृतक की सिर कूचकर हत्या की गई थी। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस अधीक्षक ने इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की थी।

पुलिस विवेचना के दौरान जानकारी मिली कि मृतक और उसके बड़े भाई के बीच नगर के मुख्य चौक पर स्थित सब्जी मंडी में एक दुकान के बंटवारे का विवाद चल रहा था। इस मामले में मृतक के भाई फैयाज ने अपने साढू लियाकत पुत्र रिजवान के खिलाफ मुबारकपुर थाने में भाई के हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस विवेचना में मृतक के भाई फैयाज व उसके दो अन्य साथियों के नाम प्रकाश में आए।

बुधवार को घटना के अनावरण में लगी पुलिस टीम ने दिन के करीब 11 बजे शहर के हाफिजपुर चौराहे के पास मृतक के भाई भाई फैयाज अहमद और उसके साथ रहे पंकज व नीरज सोनकर पुत्रगण शंभू सोनकर निवासी लालडिग्गी मातबरगंजको धर दबोचा। पूछताछ के दौरान तीनों ने रियाज की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। घटना के संबंध में बुधवार की शाम पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक रविशंकर छवि ने बताया कि मृतक रियाज और फैयाज की मुख्य चौक क्षेत्र के सब्जी मंडी में दुकान थी।

फैयाज अपनी दुकान को किराए पर पंकज व धीरज सोनकर को व्यवसाय करने के लिए दिया था। दुकान बंटवारे को लेकर फैयाज व रियाज में विवाद शुरू हो गया। इसके बाद फैयाज व उनके दोस्त रियाज को ठिकाने लगाने की योजना पंकज और नीरज दोनों भाइयों के साथ मिलकर बनाई। बीते 26 अगस्त की रात करीब आठ बजे योजना के अनुसार पंकज और नीरज ने मृतक रियाज को दारू पीने के बहाने शहर के दलालघाट चौराहे पर बुलाया। वहां से तीनों बाइक पर बैठकर मुबारकपुर क्षेत्र के बनकट बाजार गए।

पीछे से फैयाज भी मौके पर पहुंच गया। जहां सभी ने मिलकर दारू पी इसके बाद फैयाज, पंकज व नीरज ने विदेशी मदिरा दुकान के पीछे रियाज की गमछे से गला घोटकर हत्या कर दी और फिर उसके सिर पर लकड़ी के डंडे घातक प्रहार कर दिया। जिससे रियाज की मौत हो गई। सबूत छिपाने के लिए फैयाज में इस मामले में अपने साढू लियाकत पुत्र रिजवान के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के संबंध में तीनों आरोपियों द्वारा जुर्म कबूल कर लिए जाने पर तीनों के खिलाफ मुबारकपुर थाने में हत्या का मामला पंजीकृत किया गया। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने मुबारकपुर थाना प्रभारी की पीठ थपथपाई है।

By Ran Vijay Singh

Published on:
29 Aug 2018 09:57 pm