
आजमगढ़. निकाय चुनाव में राजनीतिक दलों की साख दाव पर लगी है। सपा सहित कई दल इस बार सिंबल पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे है ताकि वे विरोधियों को वे अपनी ताकत का एहसास करा सके लेकिन इस बार इन्हें चुनौती सिर्फ विरोधी दलों से ही नहीं बल्कि उन संगठनों से भी मिलने वाली है जो लंबे समय से भ्रष्टाचार और नदियों के लिए संघर्ष करते रहे है। ऐसे में लड़ाई दिलचस्प होने की उम्मीद है। वैसे एक संगठन पहले भी प्रत्याशी उतार चुका है और उसे हार का सामना करना पड़ा था लेकिन इस बार माहौल भी अलग है और प्रत्याशियों की संख्या भी अधिक, ऐेसे में इन्हें खुद के लिए अवसर दिख रहा है।
आजमगढ़ में वैसे तो दो नगरपालिका सीटें हैं लेकिन आजमगढ़ सीट हमेशा से हाई प्रोफाइल रही है। ज्यादातर इस सीट पर सवर्णो का कब्जा रहा है। सपा और बसपा आजतक यहां खाता नहीं खोल सकी है। चुनाव जीतने के बाद पूर्व अध्यक्ष स्व. गिरीश चंद श्रीवास्तव बसपा में शामिल जरूर हो गये थे। अब उनकी पत्नी शीला श्रीवास्तव बसपा से टिकट की दावेदारी कर रही है। सपा अब तक यहां तीन बार लगातार मुस्लिम प्रत्याशी उतार चुकी है लेकिन हर बार उसे हार का सामना करना पड़ा है। वर्तमान में सीट बीजेपी के कब्जे में और इंदिरा जायसवाल चेयरमैन है।
यूपी की सत्ता भी इस समय बीजेपी के पास ऐसे में सीट बचाना उसके लिए चुनौती है। वहीं सपा बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। हाल में अखिलेश यादव ने बलराम यादव सहित तीन लोगों को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया है वहीं यह मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्र में आती है। सपा के लिए यहां खाता खोलना बड़ी चुनौती है। बसपा भी यहां हर हाल में सीट जीतना चाहती है। वैसे यह दल 2005 के चुनाव में भाजपा के वर्तमान सांसद नीलम सोनकर को मैदान में उतार चुकी है लेकिन जीत का स्वाद नहीं चख पाई। इस बार पार्टी या तो शाला पर दाव लगायेगी या फिर कोई बड़ा चेहरा लाने की कोशिश करेगी। आम आदमी पार्टी का भी चुनाव लड़ना तय है।
इन सब के बीच जो सबसे खास है वह है सामाजिक संगठनों का सत्ता की दौड़ में शामिल होना। भ्रष्टाचार के खिलाफ लंबे समय से लड़ाई लडने और अब तक करीब 15 घुसखोर अधिकारी और कर्मचारियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुके संगठन भारत रक्षा दल से इस बार हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव का चुनाव लड़ना तय है। वैसे यह संगठन पूर्व में जिलाध्यक्ष उमेश सिंह गुड्डू को चुनाव लड़ा चुकी है लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। अब हरिकेश विक्रम कितने सफल होंगे यह समय बतायेगा लेकिन हरिकेश को मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
वहीं तमसा बचाओं अभियान के जरिये नदियों की सुरक्षा और स्वच्छता को मुद्दा बनाकर मैदान में उतरे डा. सुजीत भूषण अब नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए किस्मत आजमाने जा रहे है।
आने वाले समय में एकाध संगठन और अपने प्रत्याशी मैदान में उतारने का मन बना रहे है। ऐसे में घमासान और बढ़ जायेगी। संगठन से मैदान में उतर रहे लोग चुनाव जीते या न जीते लेकिन राजनीतिक दलों के लिए यह किसी संकट से कम नहीं हैं। कारण कि यहां हार जीत के बीच अंतर हमेशा से कम रहा है। सवर्ण और मुस्लिम यहां हमेशा से हार जीत का अंतर पैदा करते रहे हैं। इस बार सवर्ण प्रत्याशियों की बढ़ रही संख्या से इनके वोट में विखराव संभव है।
by RAN VIJAY SINGH