आजमगढ़

दूल्हे की उंगली देख भड़का लड़की पक्ष, घंटों चली पंचायत, बिना शादी के ही लौटी बारात

आजमगढ़ के रौनापार इलाके में आई एक बारात शादी के बिना ही लौट गई। आरोप है कि दूल्हे की एक उंगली कटी हुई थी जिसकी जानकारी लड़की पक्ष को नहीं थी। घंटों चली पंचायत के बाद भी समझौता नहीं हो सका...

less than 1 minute read
Mar 12, 2026
एआई इमेज, चैटजीपीटी

आजमगढ़: रौनापार थाना क्षेत्र के एक गांव में आई बारात में जमकर हंगामा हुआ है। आरोप है कि लड़के पक्ष वालों ने लड़के की उंगली कटी होने की बात छुपाकर शादी करने की कोशिश की और जब मंडप में लड़की पक्ष वालों को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने शादी करने से इनकार कर दिया। इस दौरान घंटे पंचायत करने के बाद भी सहमति नहीं बनी, जिसके बाद बरात बिना शादी के ही वापस लौट गई।

जानकारी के बाद होने लगा विवाद

जानकारी के मुताबिक, रौनापार थाना क्षेत्र के बघावर गांव में महाराजगंज थाना क्षेत्र के बीबीपुर से बारात आई थी। शादी कुछ दिनों पहले ही तय की गई थी। इसके बाद बघावर पहुंची बारात का सेवा-भाव और सत्कार किया गया। इसके साथ ही द्वार पूजा की रस्म भी निभाई गई। इसी दौरान लड़की पक्ष के एक रिश्तेदार की नजर दूल्हे की कटी हुई उंगली पर पड़ गई। इस जानकारी के बाद दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति उत्पन्न होने लगी।

लड़की पक्ष ने शादी से किया इनकार

लड़की पक्ष का आरोप है कि लड़के वालों ने इस बात की जानकारी उन्हें नहीं दी थी, जबकि लड़के पक्ष का आरोप है की पूरी जानकारी लड़की पक्ष वालों को थी। इस घटना के बाद गांव में पंचायत बुलाई गई और घंटे चली पंचायत में दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बन पाई। लड़की पक्ष का कहना था कि वे शादी नहीं करना चाहते।

पुलिस भी समझाने में रही असफल

इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने भी समझौता करने की कोशिश की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। देर रात तक पुलिस दोनों पक्ष को समझने में लगी रही, लेकिन लड़की पक्ष मानने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद आपसी लेनदेन वापस करने की बात को स्वीकारते हुए बारात वापस लौट गई।

Published on:
12 Mar 2026 04:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर