UP Politics: ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सपा सरकार के दौरान 815 दंगे जबकि बसपा सरकार में 600 दंगे हुए थे। वहीं, वर्तमान में प्रदेश में कानून का राज है।
UP Politics: आजमगढ़ के अतरौलिया में 8 दिसंबर को सुहेलदेव समाज पार्टी द्वारा महिला जागरुकता रैली का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में योगी सरकार में मंत्री और पार्टी अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की अध्यक्षता में बैठक की गई। इस बैठक में सुभासपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में इस समय कानून का राज है, जो कानून तोड़ने का काम करेगा, उसके खिलाफ कानून मजबूती से काम कर रहा है।”
संभल में मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा पर उन्होंने कहा, “प्रदेश में जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी, तब 815 दंगे हुए और 1300 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही, प्रदेश में एक महीने का कर्फ्यू था। बसपा सरकार में 600 दंगे हुए और 12 सौ लोगों की जान गई है। कांग्रेस की बात अगर करें तो उसने सपा और बसपा दोनों का रिकॉर्ड तोड़ा है। इन लोगों को इन मुद्दों पर बोलने का अधिकार नहीं है, क्योंकि लाखों लोगों को इन लोगों ने जेल में डालने और आपातकाल लगाने का काम किया।”
उन्होंने आगे कहा, “संभल जिले में कुल आबादी में से 60 प्रतिशत आबादी अल्पसंख्यकों की है। वहां एक बहुत बड़ा तबके ने अपने विधायक से ऊबकर भारतीय जनता पार्टी को वोट किया, तो दूसरे तबके ने भारतीय जनता पार्टी का विरोध किया। यह उन्हीं दोनों के बीच का झगड़ा है और इसमें विपक्ष शामिल है।”
2027 के चुनाव को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “सुहेलदेव समाज पार्टी द्वारा निकाली जाने वाली महिला जागरुकता रैली में यह बात साफ हो जाएगी कि यूपी में 2027 में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी। हमने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की तैयारी करने के निर्देश दिए हैं।”
सोर्स: IANS