आजमगढ़

पत्नी ने पति के खिलाफ दर्ज करायी अमानत में खयानत की रिपोर्ट, जिले की अन्य खबरें

पुलिस मामले की कर रही जांच

3 min read
Feb 16, 2018
महिला ने पति के खिलाफ दर्ज करायी अमानत में खयानत की रिपोर्ट, जिले की अन्य खबरें

आजमगढ़. कंधरापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने गुरुवार को स्थानीय थाने में अपने पति के खिलाफ अमानत में खयानत का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।


कंधरापुर क्षेत्र के मद्धुपुर ग्राम स्थित मायके में रह रही ममता देवी का आरोप है कि रौनापार क्षेत्र के पकड़ीहवा ग्राम निवासी उसके पति संतोष पुत्र प्यारे यादव ने पीड़िता द्वारा जमा की गई रकम को जान माल की धमकी देते हुए ले लिया है। अब रकम वापस करने पर पीड़िता का पति इंकार कर रहा है। इस मामले में कंधरापुर थाने की पुलिस ने पीड़िता द्वारा आरोपित पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच उपनिरीक्षक गिरिजेश सिंह को सौंपी गई है।

जिला स्वच्छता समिति की बैठक आज

आजमगढ़. जिला पंचायत राज्य अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि जिला स्वच्छता समिति की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता मे 17 फरवरी 2018 को सायं 4.30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत की गयी है। उन्होने जिला स्वच्छता समिति के सदस्यों से उक्त बैठक मे समय से स्वयं भाग लेेने का अनुरोध किया है।


बालक के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार


आजमगढ़. दीदारगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय बालक के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।


दीदारगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले रामदरश राम का आरोप है कि बीते 12 फरवरी की दोपहर गांव का ही सोनू पुत्र रामजीत सोनकर घर के पास खेल रहे उसके चार वर्षीय पुत्र को बहला-फुसलाकर एकांत में ले गया। कामान्ध आरोपी अबोध बालक के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म कर फरार हो गया। पीड़ित के बताने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। इस मामले में बालक के पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुकामी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित बालक को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।


किशोरी अगवा, तीन के खिलाफ रिपोर्ट


आजमगढ़. दीदारगंज थाने की पुलिस ने क्षेत्र के कुशलगांव गांव के पास से बीते 30 जनवरी को बहला-फुसलाकर अगवा की गई किशोरी के मामले में नामजद तीन आरोपियों के खिलाफ गुरुवार को एफआईआर दर्ज की है।
अगवा की गई किशोरी के भाई मोहम्मद हारुन ने क्षेत्र के रसावां ग्राम निवासी संजय पुत्र श्यामलाल राजभर सहित तीन लोगों के खिलाफ बहन को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। इस मामले की जांच उपनिरीक्षक हरेंद्र सिंह को सौंपी गई है।


अश्लील फोटो वायरल करने वाले पांच युवकों के खिलाफ मुकदमा


आजमगढ़. मुबारकपुर थाने की पुलिस ने एक परिवार के दो लड़कियों की अश्लील फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में नामजद पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसकी पुत्री व परिवार की एक लड़की की अश्लील फोटो बनाकर कुछ युवकों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मुबारकपुर थाने में स्थानीय बम्होर ग्राम निवासी संदीप राव, इदरीश, कमलेश राव, फैज खान तथा राजा के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

युवक ने किया विषपान, हालत गंभीर


आजमगढ़. अज्ञात कारणों से जहर निगलकर अचेत हुए युवक को परिजनों ने गुरुवार की देरशाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नीबी बुजुर्ग ग्राम निवासी त्रिभुवन यादव का 20 वर्षीय पुत्र पप्पू गुरुवार की शाम किसी बात से नाराज होकर जहर निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को युवक के जहर निगल लेने की जानकारी हुई। आनन-फानन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचाराधीन युवक की हालत गंभीर बताई गई है।


खौलते दूध से बालिका झुलसी


आजमगढ़. शरीर पर खौलता दूध गिर जाने से झुलसी चार वर्षीय बालिका को गुरुवार की शाम जिला अस्पताल लाया गया। बालिका की हालत गंभीर देख चिकित्सक द्वारा उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।


देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज कस्बा निवासी चार वर्षीय जिगर पुत्री जामिया उमर गुरुवार की शाम शरीर पर खौलता दूध गिर जाने से झुलस गई। उपचार के लिए उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकीय सलाह पर परिजन झुलसी बालिका को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सक ने बालिका की हालत गंभीर देख उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

Updated on:
16 Feb 2018 09:10 pm
Published on:
16 Feb 2018 09:08 pm
Also Read
View All