कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार को वार्ड क्रमांक सात कुम्हार मोहल्ले में बने सांस्कृतिक, सामुदायिक भवन की तलाश में निकले। पूर्व सीएमओ कुशलसिंह डुडवे के कार्यकाल में हुए निर्माण कार्यों में घोटालों का खुलासा करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पोल-खोल अभियान चलाया है। डुडवे के कार्यकाल में वार्ड क्रमांक सात में पांच लाख की लागत से सांस्कृतिक, सामुदायिक भवन का निर्माण किया गया था। आरटीआई से मिली जानकारी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पता चला कि इस तरह का कोई भवन नहीं बना है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार की पोल-खोल अभियान चलाते हुए सामुदायिक भवन बताने वाले को पांच हजार का इनाम भी घोषित किया था। सोमवार 12.30 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता सांस्कृतिक, सामुदायिक भवन की तलाश में निकले। पूरे वार्ड में घुमने और वार्डवासियों से पूछने पर भी कहीं सामुदायिक भवन का पता नहीं चला।विधायक प्रतिनिधि विवेक शर्मा ने बताया कि डुडवे के कार्यकाल में करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार किया गया है। सामुदायिक भवन निर्माण में तो सीधे-सीधे भ्रष्टाचार करते हुए कागजों पर भवन बना दिया गया। मंगलवार को इसकी शिकायत कलेक्टर अजयसिंह गंगवार से की जाएगी।
साथ ही डुडवे के कार्यकाल में हुए निर्माण कार्यों की जांच निश्चित समयावधि में करने की मांग की जाएगी। यदि जांच निश्चित समयावधि में नहीं होती है तो कोर्ट की शरण में जाएंगे। सामुदायिक भवन तलाश करने वालों में विवेक शर्मा, मलिक कुरैशी, गौतम शर्मा, कय्युम कुरैशी, जाकिर खान, हेमंत कुमावत, असलम जोए, अंकुर सोनी, सुरेश मुकाती, शकील खान, अरविंद सत्संगी शामिल थे।