
उत्तर प्रदेश के बागपत में घरेलू विवाद के बाद एक मां पर अपने ही नौ माह के बेटे को आग के हवाले करने का आरोप लगा है। गंभीर रूप से झुलसे बच्चे की इलाज के लिए मेरठ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना बालैनी थाना क्षेत्र के पुरामहादेव गांव की है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी गौरव की शादी करीब तीन साल पहले मेरठ के राधना गांव की डौली से हुई थी। दोनों के बीच काफी समय से घरेलू बातों को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद डौली शिकायत लेकर बालैनी थाने पहुंच गई। उसने पति गौरव और जेठ विपिन के खिलाफ शिकायत की थी। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
गौरव और उसका भाई बागपत से जमानत कराकर बुधवार शाम घर लौटे। शाम करीब छह बजे घर में फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान डौली ने अपने नौ माह के बेटे वशिष्ठ को आग के हवाले कर दिया। घटना के वक्त गौरव घर पर नहीं था।
कुछ देर बाद गौरव घर पहुंचा तो बच्चे की हालत देखकर घबरा गया। वह तत्काल मासूम को लेकर बालैनी अस्पताल पहुंचा। बच्चे की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
गौरव गाजियाबाद की एक डेयरी में प्राइवेट नौकरी करता है। वह सोमवार को तीन दिन की छुट्टी लेकर घर आया था। परिवार में वशिष्ठ इकलौता बेटा था। उसकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भी शोक छा गया।
घटना की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने डौली को गिरफ्तार कर लिया है। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।