21 अक्टूबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘अभी मारा है या नहीं?’ चैट के उन पन्नों ने खोला राज, जिनमें पति की मौत का लाइव अपडेट ले रही थी पत्नी

Farmer Murder: बागपत के बड़ौत में किसान प्रमोद हत्याकांड में पत्नी उर्मिला और प्रेमी सिकंदर गिरफ्तार। पुलिस के मुताबिक, चैट पर ‘अभी मारा है या नहीं?’ पूछकर पत्नी पति की हत्या का अपडेट ले रही थी।
3 min read
Google source verification

बागपत

•

image

Aman Pandey

•

Oct 21, 2026

baghpat farmer murder wife whatsap chat

उत्तर प्रदेश के बड़ौत में किसान प्रमोद हत्याकांड में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रमोद की हत्या की साजिश उसकी पत्नी उर्मिला ने अपने प्रेमी सिकंदर उर्फ काला के साथ मिलकर रची थी। दोनों के बीच प्रेम संबंधों की जानकारी होने पर प्रमोद विरोध कर रहा था। इस पर पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। वारदात के दौरान पत्नी रामलीला देखने गई थी। वहीं से WhatsApp पर प्रेमी से पति की हत्या का अपडेट लेती रही। उसका सवाल था-‘अभी मारा है या नहीं?’ पुलिस ने उर्मिला और सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया है।

रामलीला में बैठी पत्नी, नलकूप पर पति की हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार, बड़ौत क्षेत्र के कोताना गांव निवासी किसान प्रमोद (44) के मकान के बाहरी हिस्से में एक दुकान है। गांव का ही सिकंदर उर्फ काला पिछले करीब तीन साल से यह दुकान किराये पर लेकर बाइक मरम्मत का काम करता था। इसी दौरान वर्ष 2024 में सिकंदर और प्रमोद की पत्नी उर्मिला के बीच प्रेम संबंध हो गए।

बताया गया कि जब प्रमोद खेत पर जाता और बच्चे पढ़ने के लिए घर से बाहर होते, तब सिकंदर उसके मकान में आता था। कुछ महीने पहले प्रमोद को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई। उसने इसका विरोध किया तो उर्मिला और सिकंदर ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली।

शराब में नशे की गोलियां मिलाईं, बोतल से सिर पर किए वार

पुलिस के मुताबिक, रविवार रात उर्मिला और प्रमोद गांव में रामलीला देखने पहुंचे थे। इसी दौरान सिकंदर भी वहां पहुंचा और प्रमोद को करीब साढ़े नौ बजे नलकूप पर चलकर शराब पीने के लिए कहा। दोनों नलकूप पर चले गए।

आरोप है कि सिकंदर ने प्रमोद की शराब में नशे की गोलियां मिला दीं। जब प्रमोद नशे में हो गया तो सिकंदर ने शराब की बोतल से उसके सिर पर कई वार किए और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घसीटकर करीब 150 मीटर दूर गन्ने के खेत में फेंक दिया।

‘अभी मारा है या नहीं?’ WhatsApp चैट से खुला राज

इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू पुलिस की जांच में सामने आई WhatsApp बातचीत है। पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान उर्मिला रामलीला में बैठी थी और लगातार सिकंदर से पति की स्थिति के बारे में पूछ रही थी।

जब सिकंदर नलकूप पर प्रमोद के साथ शराब पी रहा था, तब उर्मिला ने संदेश भेजकर पूछा कि अभी उसे मारा है या नहीं। इस पर सिकंदर ने जवाब दिया कि प्रमोद अभी ज्यादा नशे में नहीं हुआ है। इसके बाद उर्मिला ने पूछा कि वह नशे में क्यों नहीं हुआ।

हत्या के बाद भी घटनास्थल पर पहुंचा प्रेमी

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद सिकंदर दोबारा रामलीला में पहुंचा और वहां से उर्मिला के साथ घर चला गया। सोमवार सुबह प्रमोद का शव मिलने के बाद भी सिकंदर घटनास्थल पर पहुंचा और वहां की गतिविधियों पर नजर रखता रहा।

जांच के दौरान पुलिस ने उर्मिला और सिकंदर की कॉल डिटेल खंगाली। दोनों के बीच लगातार बातचीत होने के आधार पर उनसे पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

भाई ने चार ग्रामीणों पर जताया था शक

प्रमोद का शव मिलने के बाद उसके भाई विनोद ने गांव के पंकज, राहुल, अंकित और मुकेश पर हत्या का शक जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। विनोद के मुताबिक, बच्चों के बीच खेलने को लेकर हुए विवाद में कई महीने पहले कहासुनी हुई थी। उस दौरान प्रमोद के बीच-बचाव करने पर पंकज ने उसे धमकी दी थी।

हालांकि, पुलिस ने दूसरे पहलुओं पर भी जांच की। बाद में पुलिस की जांच का शक उर्मिला और सिकंदर पर गया और पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

बेटों ने की आरोपियों के एनकाउंटर की मांग

पिता की हत्या के आरोप में अपनी मां और उसके प्रेमी की गिरफ्तारी के बाद प्रमोद के बेटे अंकुर और आयुष ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस अब मामले से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।