
Independence Day 2026: देशभर में 15 अगस्त को आजादी का पर्व उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। आम नागरिकों के साथ देश की सुरक्षा और सेवा में जुटे पुलिसकर्मियों के लिए भी यह दिन खास रहा। बागपत की खेकड़ा कोतवाली में स्वतंत्रता दिवस का जश्न पुलिसकर्मियों ने अलग अंदाज में मनाया। देशभक्ति गीतों की धुन पर पुलिसकर्मियों ने जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाया।
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेकड़ा कोतवाली परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें होमगार्ड जवानों से लेकर कोतवाली प्रभारी और क्षेत्राधिकारी खेकड़ा तक देशभक्ति के रंग में नजर आए। जैसे ही देशभक्ति गीतों की धुन बजनी शुरू हुई, पुलिसकर्मी पूरे उत्साह के साथ नृत्य करने लगे। इस दौरान साथी पुलिसकर्मी तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाते दिखाई दिए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों के डांस और उत्साह के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोग पुलिसकर्मियों की तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि वर्दी में रहकर देश की सेवा और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले जवानों के लिए भी स्वतंत्रता दिवस खुशी और गर्व का अवसर है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर थाना खेकड़ा परिसर में क्षेत्राधिकारी खेकड़ा ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। पुलिसकर्मियों को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और जनसुरक्षा के प्रति समर्पित भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। साथ ही राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद थाना खेकड़ा परिसर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बड़ाखाना आयोजित किया गया। इसमें पुलिसकर्मियों ने सहभागिता की और स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व उत्साह एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों का उत्साह और देशभक्ति का जज्बा समारोह में खास आकर्षण रहा।