बागपत के खेकड़ा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां संपत्ति के विवाद में एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद पति खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया।
गाजियाबाद का रमन पाल (55) खेकड़ा के गांव जलालाबाद में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। दो साल पहले उसने रामपुर की शाह गार्डन कॉलोनी में एक मकान खरीदा था, जिसे पत्नी संगीता के नाम कर दिया था।
कुछ समय से रमन पाल गाजियाबाद के जलालाबाद में रह रहा था, जबकि उसकी पत्नी संगीता खेकड़ा में अपने ममेरे भाई राजीव के घर पर रहने लगी थी। इसी दौरान संगीता ने बिना पति को बताए शाह गार्डन कॉलोनी वाला मकान राजीव के नाम कर दिया। जब रमन को इस बात की जानकारी हुई तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि संगीता ने बाकी संपत्ति भी राजीव के नाम करने की बात कही। इससे रमन और ज्यादा गुस्से में आ गया।
बुधवार सुबह करीब आठ बजे रमन खेकड़ा पहुंचा। यहां पति-पत्नी के बीच फिर से झगड़ा हुआ। गुस्से में रमन पाल ने पहले संगीता के साथ मारपीट की, फिर हथौड़े और छेनी से उसके सिर, चेहरे और गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण संगीता की मौके पर ही मौत हो गई।
चीख-पुकार सुनकर जब आसपास के लोग पहुंचे तो संगीता खून से लथपथ मृत पड़ी थी। वहीं, रमन पाल सीधे थाने पहुंचा और पुलिस से कहा कि मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां खून से सना हथौड़ा और छेनी बरामद हुई, जबकि संगीता की एक कटी हुई उंगली भी जमीन पर पड़ी मिली। घटनास्थल की जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रमन पाल और संगीता के दो बच्चे हैं। एक बेटा और एक बेटी। दोनों की शादी हो चुकी है। बेटा मेरठ में ट्रक चलाता है। पुलिस ने बेटी आरजू को घटना की जानकारी दे दी है।