बागपत

बैंक और साहूकार के कर्ज से परेशान किसान ने की आत्महत्या, धनतेरस पर घर पहुंची लाश तो मचा हड़कंप

किसानों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कर्ज में डूबे किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। बढ रही महंगाई और सरकार की कृषि नीतियों के बोझ तले किसान बुरी तरह से दब गया है। जिले में त्यौहार के दिन एक किसान के घर उस समय मातम पसर गया। जब उसने कर्ज के तगादों से तंग आकर आत्महत्या कर दी।
2 min read
• •
Updated: 3 Nov 2021, 12:43 PM IST
farmer.jpg

बागपत. एक किसान ने बैंक के कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि किसान के पास धनतेरस के दिन एक छोटा बर्तन खरीदने के लिए भी पैसे नहीं थे। इसके अलावा उसे बेटी की शादी करने की भी चिंता सता रही थी। जिस कारण उसने ये कदम उठाया। मृतक किसान के परिजनों का कहना है कि कर्ज अदा करने के लिए बैंक दबाव बना रहा था।

मामला बिहारीपुर गांव का है। वहीं घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। गांव बिहारीपुर निवासी किसान चौधरी अनिल कुमार पुत्र राजसिंह ने पड़ोसी किसान चौधरी सुरेशपाल के खेत में पेड़ पर लटके हुए दिखाई दिए। आनन-फानन में उनको पेड़ से उताकर स्वजन व ग्रामीण गांव के ही निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस तथा किसान के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजा।

किसान पर था दस लाख रुपये कर्ज

स्वजन का कहना है कि अनिल कुमार पर बैंक का करीब सात लाख रुपये व साहूकार का तीन लाख रुपये कर्ज है। उन पर रुपये का तगादा किया जा रहा था, लेकिन किसान कर्ज चुका पाने में असमर्थ थे। पिछले कई दिनों से डिप्रेशन में चल रहे थे। इस के चलते उन्होंने आत्महत्या की है।

कोतवाली प्रभारी अजय कुमार शर्मा का कहना है कि किसान के डिप्रेशन में चलने की बात सामने आई है, हालांकि कर्ज के संबंध में किसी ने अवगत नहीं कराया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, घटना से परिवार में कोहराम मचा है। ग्रामीणों ने बताया कि किसान अनिल कुमार की बेटी की फरवरी माह में शादी होनी है। उनका एक बेटा 18 वर्षीय निखिल दिव्यांग है तथा दूसरा बेटा 14 वर्षीय नितिन है।

बागपत के एसडीएम अनुभव सिंह का कहना है कि किसान के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। कर्ज के कारण आत्महत्या की है, इस तरह की कोई जानकारी नहीं मिली है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि किसान ने ऐसा क्यों किया। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।

Published on: