
Gurmeet Ram Rahim बागपत पुलिस—प्रशासन ने गुरमीत राम रहीम के बरनावा आश्रम में रहने पर कोई आपत्ति नहीं जताई और इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। बता दें कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दुष्कर्म मामले में कोर्ट ने 2017 में सजा सुनाई थी। पिछले साल गुरमीत राम रहीम को हत्या के एक मामले में अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। उसके बाद से गुरमीत राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। गुरमीत राम रहीम को इससे पहले 17 जून को एक महीने की पैरोल मिली थी। जिसके बाद वह एक महीना तक अपने बरनावा आश्रम में रहा था। अब उसने दोबारा 40 दिन का पैरोल मांगा है।
बताया जा रहा है कि गुरमीत राम रहीम को जल्द ही पैरोल मिलेगी और वह जेल से बाहर आकर बागपत जिले के बरनावा आश्रम में आकर रहेगा। इसको लेकर बागपत पुलिस व प्रशासन से रिपोर्ट मांगी गई थी। जिसकी रिपोर्ट बागपत पुलिस प्रशासन ने शासन को भेज दी है।
पुलिस की ओर से भेजी रिपोर्ट में कहा कि गुरमीत राम रहीम को पैरोल के दौरान आश्रम में रहने पर किसी भी प्रकार का कार्य करने व अनुयायियों से मिलने के लिए उसको अनुमति लेनी होगी। बरनावा के डेरा सच्चा सौदा में गुरमीत राम रहीम के रहने के दौरान जो भी बाहरी व्यक्ति आएगा उसकी वीडियोग्राफी होगी।
एसपी नीरज कुमार जादौन के मुताबिक पुलिस से रिपोर्ट मांगी गई थी। उसे शासन को भेज दी गई है। इससे अधिक अभी कोई जानकारी नहीं है। बताया जाता है कि बरनावा के डेरा सच्चा सौदा में आगामी छह नवंबर को किसी बड़े कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। इसके लिए डेरे के भीतर तैयारी हो रही है। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम में गुरमीत राम रहीम शामिल हो सकता है। इसलिए ही गुरमीत राम रहीम ने पैरोल मांगा है। वह इस सप्ताह यहां पहुंच सकता है।