
Gurmeet Ram Rahim Parole हत्या, दुष्कर्म मामले में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम अब एक माह की पेरोल पर छूटा है। खुद को मैसेंजर आफ गाड कहने वाले गुरमीत राम रहीम एक महीने तक बागपत के बरनावा आश्रम में रहेंगे। कड़ी सुरक्षा में रोहतक जेल से पहुंचे गुरमीत राम रहीम के आश्रम की सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी की है। गुरमीत राम रहीम सिंह दो साध्वियों के यौन शोषण और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। रोहतक जेल से एक माह की पेरोल मिलने के बाद गुरमीत राम रहीम आज बागपत के बरनावा आश्रम में रहने के लिए पहुंचा। थाना बिनौली क्षेत्र के इस आश्रम की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बागपत में इनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला नहीं है।
रोहतक की सुनारिया जेल से कड़ी सुरक्षा में आज सुबह गुरमीत राम रहीम सिंह बागपत के बरनावा स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम में पहुंचा। वह सुबह जैसे ही आश्रम में पहुंचे तो पुलिस ने आश्रम की सुरक्षा बढ़ा दी है। थाना बिनौली इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि गुरमीत सिंह पेरोल पर डेरा सच्चा आश्रम बरनावा पहुंचे है जिसके बाद आश्रम की सुरक्षा बढ़ा दी है है। आश्रम में पहुंचने के बाद उनके अनुयायियों की खुशी का ठिकाना नहीं है। गुरमीत राम रहीम को सुनारिया जेल में लेने के लिए उसके चचेरे भाई चरणजीत और मुंह बोली बेटी हनीप्रीत लेने पहुंची थी। उन्हीं के साथ गुरमीत राम रहीम जेल से बागपत के लिए रवाना हुआ। आश्रम पहुंचने के बाद गुरमीत राम रहीम ने अपने अनुयायियों से अपील की है कि वे लोग घर से बाहर नहीं निकले। अकारण आश्रम के बाहर भीड़ नहीं लगाए। घर पर ही मन लगाकर ध्यान करें। इसके लिए गुरमीत राम रहीम ने बकायदा एक वीडियो जारी किया है। जो कि उसके अनुयायियों तक पहुंचाया जा रहा है।
गुरमीत को रोहतक की सुनारिया जेल से सुरक्षा व्यवस्था के बीच 6:30 बजे पेरोल पर बाहर निकला । बरनावा के आश्रम तक उनके पहुंचने की किसी को भनक तक नहीं लगी। पुलिस बल आश्रम के बाहर तैनात है। अंदर गुरमीत राम रहीम गया है। डेरा प्रमुख ने कहा है कि किसी को बरनावा नहीं आना है। अपने घरों में ही रहना है। प्रशासन के आदेशों का पालन करना तथा उनका सहयोग करना है।