UP Assembly Elections 2022 पहले चरण के मतदान का प्रचार शोर थम गया है। लेकिन इसी बीच भाजपा के खिलाफ असंतोष बढ़ता जा रहा है। बागपत जिले में भाजपा प्रत्याशी और विधायक पर असामाजिक तत्वों ने पहले पथराव किया फिर गोबर फेंका। इतना ही नहीं जब पुलिसकर्मियों ने राकने का प्रयास किया तो उन पर भी हमला कर दिया।
UP Assembly Elections 2022 जिले में रोड शो के दौरान भाजपा प्रत्याशी और विधायक सहेंद्र सिंह रमाला पर असामाजिक तत्वों ने पहले पथराव किया उसके बाद गाडियों पर गोबर फेंका। उपद्रवियों को रोकने के लिए बीच बचाव में पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया। मामला मंगलवार को शाम का है। भाजपा के विधायक और प्रत्याशी सहेंद्र सिंह रमाला के रोड शो का काफिला चल रहा था। इसी दौरान कस्बे में घुसते ही कुछ युवकों ने रोड शो की गाड़ियों पर पथराव शुरू किया और फिर गोबर फेंकना चालू कर दिया। जिससे रोड शो में चल रही आधिकांश गाड़ियों को काफी नुकसान हुआ। कुछ के शीशे चकनाचूर हो गए। उपद्रव कर रहे युवाकों ने रोड शो में शामिल महिलाओं की गाड़ी को भी नहीं बख्शा, उस पर भी पत्थर और गोबर बरसाए।
स्थानीय पुलिसकर्मियों ने रोकना चाहा लेकिन उपद्रवी युवक किसी के रोके नहीं रुके और उन्होंने काफिले पर ही नहीं पुलिस पर भी लाठियां बरसानी शुरू कर दी। इससे पुलिसककर्मियों ने भी भागकर जान बचाई। घटना का वीडियो रोड शो में फंसी महिलाओं की गाड़ी में से एक महिला ने बना लिया तथा इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया जिसके बाद में पुलिस में हड़कंप मच गया। क्षेत्र में इस घटना से भाजपा के समर्थकों में भारी असंतोष का माहौल है। इस बारे में एसओ विनोद कुमार का कहना है कि वायरल वीडियो तथा पुलिस द्वारा की गई फोटोग्राफी के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसपी नीरज कुमार यादव ने बताया कि मौजूदा विधायक सहेंद्र सिंह के समर्थकों के साथ मारपीट के कुछ वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो के आधार पर तीन लोगों की पहचान हुई है। तीनों को हिरासत में लिया गया है। अन्य की पहचान की जा रही है। पीड़ित लोगों की तरफ से तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वहीं आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।