
सामोद (जयपुर). थाना क्षेत्र के मोरीजा रोड पर रविवार रात चोर मकान से नकदी व लाखों रुपए के जेवर चोरी कर ले गए। वारदात के समय परिवार के लोग नींद में थे और चोर अलमारी साफ कर गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। एएसआई कैलाश चंद ने बताया कि सामोद थाना इलाके के मोरीजा रोड पर बनवारी लाल सैनी रविवार रात परिवार के साथ मकान में सो रहा था। करीब 2 बजे उसे कुछ लोगों की आवाज सुनाई दी तो वह जाग गया और कमरे से बाहर आकर देखा तो दो जने मकान की छत से कूदकर भागते नजर आए। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी जाग गए और बदमाशों का पीछा किया लेकिन पकड़ में नहीं आए। वापस आकर देखा तो दूसरे कमरे रखी आलमारी खुली पड़ी थी और सामान बिखरा पड़ा था। चोर आलमारी में रखे 85 हजार रुपए व सोने का हार, सोने का मंगलसूत्र, चांदी की कनकती, सोने का टीका, सोने की नथ, सोने की चेन, अंगूठी व सोने की झूमर सहित करीब पांच लाख रुपए के जेवर चोरी कर ले गए।
यह भी पढे :सीसीटीवी डीवीआर और रुपयों से भरी तिजोरी को ही ले उड़े चोर
वारदात पर संदेह
इधर, पुलिस वारदात पर संदेह जता रही है। पीडि़त बनवारी लाल सैनी ने बताया कि पुलिस चोरी में घर के लोगों का हाथ बताकर मामले को टाल रही है। जबकि सुबह कई बार फोन पर सूचना देने के कई घंटों बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं मौके पर गए सामोद थाना एएसआई कैलाश चंद ने बताया कि पीडि़त परिवार की ओर से सामोद थाने में सुबह तक कोई सूचना नहीं दी गई। कंट्रोल रूम से जानकारी मिली। आलमारी का ताला चाबी से खोला हुआ पाया है। साथ ही मकान के खिड़की दरवाजे भी बंद मिले।
यह भी पढे :डीपी के मीटर व केबल में आग, मची अफरा-तफरी
राशन की दुकान से 18 क्विंटल गेहूं चोरी
दिवराला. गांव में रविवार रात चोर राशन की दुकान के ताले तोड़कर हजारों रुपए का गेहूं चोरी कर ले गए। थाना प्रभारी हिम्मत सिंह ने बताया कि दिवराला निवासी महेन्द्र सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह दिवराला में किशन लाल सैनी की राशन की दुकान संचालित करता है। रविवार को वह दुकान बंद कर घर चला गया। सोमवार सुबह सूचना मिली की दुकान का ताला टूटा पड़ा है। दुकान पहुंचकर देखा तो करीब 18 क्विंटल गेहूं गायब मिला। इस पर पुलिस को सूचना दी। अजीतगढ़ पुलिस ने मौका मुआयना कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। गौरतलब है कि दिवराला गांव में एक माह में यह चोरी की तीसरी घटना है।