बहराइच बाईपास पर तीन मालवाहक गाड़ियों की भीषण टक्कर के बाद आग लग गई। दो चालक जिंदा जल गए। जबकि एक गंभीर घायल है। हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया।
Bahraich Accident: बहराइच जिले में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। जिसने हर किसी को झकझोर दिया। दरगाह थाना क्षेत्र के बाईपास रोड पर तीन मालवाहक गाड़ियों की जोरदार टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दो चालकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। वे जिंदा जल गए। जबकि एक अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
Bahraich Accident: यूपी के बहराइच जिले में सोमवार को एक भयानक सड़क दुर्घटना सामने आई। दरगाह थाना क्षेत्र के बाईपास रोड पर ट्रेलर, डीसीएम और पिकअप वाहन की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो वाहनों में तुरंत आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में ट्रेलर और डीसीएम के चालक गाड़ियों के अंदर ही फंस गए। आग इतनी तेज थी कि दोनों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। वे जिंदा जल गए। इस घटना ने मौके पर मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया।
मृतकों में एक की पहचान प्रयागराज जिले के सिंधौरा निवासी 50 वर्षीय जीलाल यादव के रूप में हुई है। जो ट्रेलर चला रहे थे। वहीं, डीसीएम चालक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। क्योंकि उसका शव पूरी तरह जल चुका है। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है। वहीं, पिकअप वाहन का चालक इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही दरगाह थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भयंकर थी कि उसे बुझाने के लिए फायर विभाग की दो गाड़ियों को लगाना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने किसी तरह हालात को संभाला और यातायात को सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे की वजह हो सकती है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने लाई जाएगी।