बहराइच

शादी में खुशियां बांटने निकले थे ट्रैक्टर- ट्राली से टकराई बाइक…एक की मौत, भाई समेत दो जिंदगी से लड़ रहे जंग

शादी की खुशियां बांटने निकले तीन दोस्तों की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में अमरेश की मौत हो गई। जबकि उसका भाई और दोस्त अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। गांव में खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।

2 min read
Mar 11, 2026
सांकेतिक फोटो सोर्स पत्रिका

बहराइच जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शादी समारोह में शामिल होने जा रहे तीन युवकों की बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके भाई समेत दो युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।

बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक ऐसा हादसा हुआ जिसने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। तीन युवक खुशी के माहौल में शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। लेकिन रास्ते में हुई दुर्घटना ने सब कुछ बदल दिया। विशुनापुर गांव के रहने वाले 20 वर्षीय अमरेश अपने भाई अमर और दोस्त सुधांशु के साथ स्प्लेंडर बाइक से भैसाही गांव में आयोजित एक शादी में जा रहे थे। रात करीब 11 बजे जब उनकी बाइक गिरिजापुरी-सुजौली मार्ग पर जमुनिहा मोड़ के पास मीना रिसॉर्ट के सामने पहुंची। तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमरेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उसका भाई अमर और दोस्त सुधांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।

एक झटके में गम में बदल गई शादी की खुशियां

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत सुजौली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां दोनों का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। इधर, अमरेश की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर से कुछ देर पहले शादी में जाने की खुशी थी। वहां अचानक मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुजौली थाना प्रभारी प्रकाश चंद्र शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Updated on:
11 Mar 2026 09:50 am
Published on:
11 Mar 2026 09:49 am
Also Read
View All

अगली खबर