
पुतला दहन फोटो सोर्स वायरल वीडियो
उत्तर प्रदेश के बहराइच में बीजेपी के विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पुतला दहन करते समय अचानक आग भड़कने से सदर विधायक अनुपमा जायसवाल झुलस गईं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद सियासत भी तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर जमकर बयान बाजी हो रही है।
बहराइच में ‘नारी के सम्मान में भाजपा मैदान में’ नारे के साथ आयोजित विरोध प्रदर्शन उस समय हादसे में बदल गया। जब पुतला दहन के दौरान आग ने अचानक विकराल रूप ले लिया। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा, कई विधायक और कार्यकर्ता शामिल थे। इसी दौरान सदर विधायक अनुपमा जायसवाल ने राहुल गांधी के पुतले में आग लगाई। लेकिन पास में रखे अखिलेश यादव के पुतले में अचानक विस्फोट जैसी स्थिति बन गई। इस अप्रत्याशित घटना में आग की लपटें तेजी से फैलीं और अनुपमा जायसवाल उसकी चपेट में आ गईं। उनके कंधे के पास जलने की सूचना है। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग बुझाई। लेकिन तब तक वे झुलस चुकी थीं। मौके पर मौजूद पुलिस ने बिना देर किए उन्हें अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया।
घटना के समय प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के अधिकारी, डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि पुतलों में अधिक ज्वलनशील सामग्री या कार्यकर्ताओं के अत्यधिक उत्साह के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, राहत की बात यह रही कि बड़ा नुकसान टल गया।
इस घटना को लेकर राजनीति भी गरमा गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “आग लगाने वाले सावधान रहें” और साथ ही घायल विधायक के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। गौरतलब है कि इससे पहले मुरादाबाद में भी एक समान घटना में बीजेपी नेत्री के दुपट्टे में आग लग गई थी। फिलहाल इस हादसे के बावजूद बीजेपी का विरोध प्रदर्शन जारी है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल जरूर खड़े हो गए हैं।
Published on:
25 Apr 2026 09:35 pm
बड़ी खबरें
View Allबहराइच
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
