
घटना स्थल पर जुटे लोग जांच करती पुलिस फोटो सोर्स विभाग
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां टेंट का काम करने वाले एक व्यक्ति का शव नहर किनारे संदिग्ध हालत में मिला। रविवार शाम काम पर निकला युवक सोमवार सुबह खून से लथपथ मिला। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बहराइच जिले के महसी इलाके में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई। जब नहर किनारे एक व्यक्ति का खून से सना शव पड़ा मिला। सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर जब इस शव पर पड़ी तो इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ ही देर में शव की पहचान महसी क्षेत्र के टेपरा गांव निवासी 40 वर्षीय इंद्रसेन के रूप में हुई। पहचान होते ही खबर आग की तरह फैल गई। परिजन मौके पर पहुंच गए। अपने बेटे की ऐसी हालत देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, इंद्रसेन टेंट लगाने का काम करता था। वह रविवार शाम को बड़ेरिया गांव में एक कार्यक्रम के लिए टेंट लगाने निकला था। लेकिन रात में घर वापस नहीं लौटा। परिजनों को उम्मीद थी कि वह काम में व्यस्त होगा। लेकिन सुबह उसकी मौत की खबर ने सब कुछ बदल दिया। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने जांच के दौरान पाया कि मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान हैं। शरीर से काफी खून बह चुका था। जिस जगह शव मिला। वहां आसपास संघर्ष के भी संकेत मिले हैं। जिससे आशंका जताई जा रही है कि घटना के पीछे कोई आपराधिक वारदात हो सकती है।
सूचना मिलते ही हरदी थाने की पुलिस टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इंद्रसेन अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों को छोड़ गया है। जिनका अब सहारा छिन गया है। परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
27 Apr 2026 03:48 pm
बड़ी खबरें
View Allबहराइच
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
