बहराइच

“मार्च में ही लू जैसे हालात!” यूपी में 38°C पार पहुंचा पारा, मौसम विभाग ने बताया कब होगी बारिश

UP Weather Update: मार्च में ही यूपी में गर्मी तेज हो गई है। बांदा में तापमान 38°C पार पहुंच गया। कई जिलों में पारा सामान्य से 6-8°C ज्यादा है। प्रदेश में मौसम करवट लेने वाला है।

2 min read
Mar 09, 2026
सांकेतिक तस्वीर फोटो सोर्स पत्रिका

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेज असर दिखाना शुरू कर दिया है। बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। कई शहरों में पारा सामान्य से 6 से 8 डिग्री तक ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी बढ़ती रहेगी। लेकिन 14 मार्च के बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों गर्मी तेजी से बढ़ रही है। खासकर बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में दोपहर की तेज धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालत यह है कि दोपहर के समय लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं। और बाहर निकलते समय छतरी, गमछा या कपड़े से सिर ढककर चल रहे हैं। सोमवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से करीब 6 डिग्री ज्यादा है। इसके अलावा झांसी में 37.9 डिग्री, आगरा में 37.3 डिग्री, उरई में 36.8 डिग्री और प्रयागराज में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। कई जिलों में तापमान सामान्य से 6 से 8 डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया।

सुबह धुंध और हल्का कोहरा 400 से 500 मीटर तक रही दृश्यता

दूसरी ओर प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह धुंध और हल्का कोहरा भी देखा गया। वाराणसी में सुबह दृश्यता करीब 400 मीटर तक रह गई। जबकि सहारनपुर, गोरखपुर और कुशीनगर में यह लगभग 500 मीटर के आसपास दर्ज की गई। इससे सुबह के समय लोगों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

10 से 14 मार्च के बीच तापमान में क्रमिक वृद्धि के आसार

मौसम विभाग के अनुसार बिहार से मराठवाड़ा तक बनी मौसम द्रोणी का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिखाई दे रहा है। इसके कारण सुबह हल्का कोहरा और दिन में धुंध की स्थिति बन रही है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई बड़ा मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है। इसलिए 10 से 14 मार्च के बीच दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होती रहेगी। मौसम शुष्क बना रहेगा।

14 मार्च से करवट लेगा मौसम

हालांकि 14 मार्च से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। साथ ही 15 मार्च के आसपास तराई और पूर्वांचल के कुछ इलाकों में इस मौसम की पहली हल्की बारिश होने की भी संभावना जताई गई है।

Also Read
View All

अगली खबर