
बहराइच. जिले में एक बड़ा चौकाने वाला मामला सामने आया है। जहां प्रधानमंत्री के द्वारा लोगों के खाते में 15 लाख रुपये भेजने का वादा पूरा न होने से आहत एक युवक पेट्रोल से भरा कैन लेकर सीधे बैंक को आग लगाने के लिये पहुँच गया। इस घटना से बैंक में अफरा तफरी का माहौल छा गया फिर क्या था किसी तरह बैंक कर्मियों ने बैंक में मौजूद उपभोक्ताओं की मदद से सनकी शख्स को किसी तरह काबू में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना थाना जरवल क्षेत्र में स्थित इलाहाबाद बैंक में घटित हुई। जहाँ सुबह बैंक कर्मी व बैंक के अंदर मौजूद तमाम लोग एक बड़ी घटना की जद में आने से बाल-बाल बच गए। जब एक सिरफिरा युवक एक डिब्बे में करीब 7 लीटर पेट्रोल लेकर सीधे बैंक के अंदर दाखिल हुआ। गिरफ्त में आये युवक ने अपना दर्द बयां करते हुए बैंक कर्मियों से कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 लाख रुपये देने को कहा था, जो आज तक नही मिला। अब मैं बैंक को आग लगा दूंगा, आप लोग बाहर निकल जाओ। ये कहने के बाद उसने सारा पेट्रोल बैंक के भीतर छिड़क दिया। ये बात सुनते ही मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। बैंक कर्मियों ने आस पड़ोस के लोगों की मदद से आरोपी शख्स को दौड़ कर किसी तरह अपनी गिरफ्त में लिया, जिसकी सूचना पर मौके पर पहुंची जरवल थाने की पुलिस ने सिरफिरे युवक को हिरासत में लेकर मामले की तहकीकात में जुटी हुई है।
जरवलरोड थाना क्षेत्र के धनराजपुर गांव निवासी मौजीलाल पुत्र राम बालक सुबह 10.45 बजे पिपिया में 7 लीटर पेट्रोल लेकर बैंक पहुंच गया। शाखा प्रबंधक नितिन कुमार समेत सभी लोगों से बैंक से बाहर निकलने को आगाह किया, कहा कि मैं बैंक में आग लगा दूंगा, जिस पर बैंक में भगदड़ मच गई। भगदड़ के दौरान कई लोगों को हल्की चोटें भी आई हैं। शाखा प्रबंधक नितिन कुमार ने बताया कि सुबह ठीक ठाक काम चल रहा था। इसी दौरान आरोपी युवक बैंक जला देने की धमकी देने लगा। जिस पर सभी कर्मचारियों व अन्य मौजूद लोग बाहर भागने लगे। उसने बैंक में पेट्रोल छिड़कने के बाद आग लगाने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि युवक पीएम द्वारा 15 लाख रुपये न देने की बात कह रहा था। युवक का बैंक में खाता भी नहीं है। सूचना पर जरवल चौकी प्रभारी अभय सिंह ने उसे हिरासत में ले लिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि आरोपी युवक मानसिक रूप से बीमार है। परिवार के लोग आए हैं। प्रकरण की जांच की जा रही है।