बहराइच

सर्व शिक्षा अभियान के तहत मुफ्त बांटने वाली 50 हजार से ज्यादा किताबें कबाड़ी के यहां मिलीं, बेसिक शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

बेसिक शिक्षा विभाग में सर्व शिक्षा अभियान के तहत मुफ्त में बांटने वाली 50 हजार से अधिक किताबें एक कबाड़ी के यहां मिली हैं। पुलिस ने ट्रक को सीज कर दिया है। कबाड़ी के यहां पुस्तक मिलने से विभाग में हड़कंप मच गया है।

2 min read
Feb 18, 2026
सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI

सर्व शिक्षा अभियान के तहत विद्यार्थियों को निशुल्क वितरित की जाने वाली किताबें कबाड़ी की दुकान पर ट्रक में लदी मिलीं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रक को जब्त कर लिया। मामले ने शिक्षा विभाग में हलचल मचा दी है।

बहराइच जिले के राम गांव थाना क्षेत्र में परिषदीय स्कूलों के बच्चों के लिए मुफ्त दी जाने वाली पाठ्यपुस्तकों का बड़ा मामला सामने आया है। मंगलवार को मेटकहा इलाके में एक कबाड़ी की दुकान पर शिक्षा सत्र 2026-27 की किताबें ट्रक में भरी मिलीं। ये पुस्तकें कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को बांटने के लिए थीं।

पुलिस ने ट्रक को सीज कर अज्ञात के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट

सूचना मिलते ही रामगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि मुरादाबाद ट्रांसपोर्ट के एक ट्रक में करीब 50 हजार से अधिक किताबें लदी हुई थीं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक को सीज कर दिया और अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

पुलिस के पहुंचने से पहले कबाड़ी और ट्रक चालक दोनों फरार

पुलिस के पहुंचने से पहले ही कबाड़ी दिलशाद और ट्रक चालक वहां से फरार हो गए। उनकी तलाश की जा रही है। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी बड़ी संख्या में किताबें कब और कैसे कबाड़ी तक पहुंचीं।

प्रशासन का कहना जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी

जिला प्रशासन का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है। कि किताबें किस स्थान से लाई गईं। वहीं, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने कहा कि विभाग के भंडार गृह में सभी किताबें सुरक्षित रखी हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जिला मुख्यालय और ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर बनी किताब भंडारण समिति को भी जांच की जिम्मेदारी दी गई है। जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।

Published on:
18 Feb 2026 04:59 pm
Also Read
View All

अगली खबर