
सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI
बहराइच जिले में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया। जब एक 17 वर्षीय किशोरी अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। खास बात यह है कि दो दिन पहले भी वह इसी टावर पर चढ़ चुकी थी।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के रामगांव थाना क्षेत्र के तमाचपुर गांव में सोमवार शाम एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। यहां एक 17 वर्षीय किशोरी अचानक परिवहन कार्यालय के पास लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। बचाव कार्य के दौरान पुलिसकर्मी, फायर कर्मी और किशोरी के परिजन उसे लगातार समझाते रहे कि वह नीचे उतर आए। करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत और समझाने के बाद आखिरकार किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान वहां काफी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे। स्थानीय लोगों की भीड़ के चलते मौके पर स्थिति संभालना भी चुनौतीपूर्ण हो गया था। अग्निशमन विभाग के अधिकारी पुलकित चौधरी भी अपनी टीम के साथ पूरे अभियान में जुटे रहे और उनकी मदद से ही यह ऑपरेशन सफल हो सका। इस घटना का एक और चौंकाने वाला पहलू यह है कि यही किशोरी दो दिन पहले भी देर रात इसी मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। उस समय भी पुलिस और परिवार के लोगों ने काफी समझाने के बाद उसे नीचे उतारा था।
परिजनों के अनुसार, किशोरी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। जिसकी वजह से वह इस तरह के कदम उठा रही है। वहीं पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है कि आखिर वह बार-बार ऐसा क्यों कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं इसके पीछे कोई और वजह तो नहीं है। फिलहाल किशोरी सुरक्षित है। लेकिन इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और परिवार दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
Published on:
13 Apr 2026 07:54 pm
बड़ी खबरें
View Allबहराइच
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
