4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बहराइच में जाली नोट छापने वाले गैंग के चार सदस्य गिरफ्तार, नकली नोट प्रिंटर एवं अन्य उपकरण बरामद

बहराइच पुलिस ने नकली नोट छापने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकली नोट प्रिंटर सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की गहराई से छानबीन कर रही है।

2 min read
Google source verification
पकड़े गए आरोपों के साथ पुलिस टीम फोटो सोर्स विभाग

पकड़े गए आरोपों के साथ पुलिस टीम फोटो सोर्स विभाग

बहराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से नकली नोट और उन्हें छापने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर भी बरामद हुआ है। पुलिस को इस गैंग की सूचना मुखबिर से मिली थी। जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया।

बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहां नकली नोट छापकर बाजार में चलाने वाले एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से 11,500 रुपये के जाली नोट और एक प्रिंटर भी बरामद किया है। जिससे ये नोट तैयार किए जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक, थाना प्रभारी आनंद सिंह को शनिवार को एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग इलाके के लोधन पुरवा के पास नकली नोट के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। इस कार्रवाई में वरिष्ठ उप निरीक्षक हरिद्वार तिवारी के नेतृत्व में कांस्टेबल जगदीश कुमार, मित्रपाल सिंह, नियाज अहमद और गौरव कुमार की टीम शामिल रही। पुलिस ने चारों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से नकली नोट और प्रिंटर मिला। जिससे यह साफ हो गया कि वे खुद ही नोट छापने का काम कर रहे थे।

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को भेजा जेल

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सलीम उर्फ सूरज और गुरुचरण सिंह के रूप में हुई है। जो लखीमपुर के रहने वाले हैं। वहीं, हरिराम और अर्जुन बहराइच के मोतीपुर इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार किए गए चारों लोगों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अब जाली नोट के नेटवर्क का कर रही तलाश

पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है। और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। ताकि नकली नोटों के इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।