बहराइच में भड़काऊ पोस्टरों से हड़कंप, केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दिल्ली में आत्मदाह की चेतावनी। पुलिस ने पोस्टर हटाकर जांच शुरू की, CCTV खंगाले जा रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।
बहराइच शहर में मंगलवार शाम अचानक कई स्थानों पर विवादित और उकसावे भरे पोस्टर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। पोस्टरों में केंद्र सरकार के खिलाफ कड़ी भाषा का इस्तेमाल करते हुए आत्मदाह की चेतावनी दी गई है। मामला सामने आते ही पुलिस और प्रशासन ने पोस्टर हटवाने के साथ जांच तेज कर दी है।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में मंगलवार देर शाम शहर के अलग-अलग इलाकों में एक साथ कई पोस्टर लगाए जाने की जानकारी सामने आई। इन पोस्टरों में अखंड भारत स्वदेशी अभियान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर दहौरा के नाम का उल्लेख किया गया है। पोस्टरों में केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखी टिप्पणी की गई है। और यूजीसी बिल को लेकर विरोध जताया गया है।
पोस्टरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को संबोधित करते हुए 25 फरवरी से 2 मार्च के बीच दिल्ली में आत्मदाह करने की चेतावनी लिखी गई है। इस तरह की भाषा सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। ये पोस्टर शहर के कई प्रमुख स्थलों पर लगाए गए हैं। एक साथ इतने स्थानों पर पोस्टर लगाए जाने से यह आशंका जताई जा रही है कि पूरा मामला पहले से योजना बनाकर अंजाम दिया गया।
सूचना मिलते ही नगर और देहात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सभी पोस्टर हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। ताकि पोस्टर लगाने वालों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। संबंधित धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। फिलहाल शहर में स्थिति सामान्य है। लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है।