
श्रावस्ती. वर्षावाष पर बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती में आई एक श्रीलंकाई अनुयायी की गुरुवार शाम अचानक तबियत बिगड़ गई । जिसे आनन फानन में सीएचसी इकौना ले जाया गया । जहां उनकी मौत हो गई । सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस ने लाश का पंचनामा भरा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।
बता दें कि इकौना थाना क्षेत्र अंतर्गत बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती में वर्षावाष पूजन के लिए श्रीलंका के महागामा पोलेगोडा निवासी बसंथी विजेथिला (57) पत्नी विजेथीलाका आई थी। उन्हें टूरिस्ट वीजा पर 13 दिनो के लिए आने की अनुमति मिली थी । इस दौरान उनके साथ 55 अन्य अनुयायी भी आये थे ।
यह सभी यात्री दिल्ली से बस से चलकर संकीसा ,आगरा ,भोपाल, होकर 15 अगस्त की शाम बौद्ध तपोस्थली श्रावस्ती पहुंचे थे । सभी बौद्ध अनुयायी बौद्ध तपोस्थली में दर्शन के लिए गाईड शरत अलविसा के साथ आए थे । यह सभी श्रावस्ती स्थित
वर्मा मंदिर में ठहरे हुए थे। जहां गुरुवार को वृद्ध महिला वसंथी विजथिलाका पूजा के लिए गेस्ट हाउस से निकली ही थी कि वह अचानक मूर्छित होकर गिर पड़ी। उनके साथ में मौजूद अन्य यात्रियों की सूचना पर पहुंचे लोगों द्वारा उन्हें आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया । लंका गेस्ट हाऊस के भंते धम्म सागर ने उत्तर प्रदेश पत्रिका को बताया कि मृतक का परिवार श्रीलंका में है । इस कारण शव को कानूनी प्रक्रिया पूरी कराकर उनके देश श्रीलंका ले जाएंगे । सूचना पर पहुंची इकौना पुलिस मामले की जांच कर रही है ।
वहीं इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक इकौना डीडी मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हृदय गति रुकने से मौत का होना प्रतीत होता है । शव का पंचनामा भरा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।